KDA को लीगल नोटिस भेजने के बाद जागे अधिकारी:पनकी के हिमालय भवन में एक फीट धंसी थी फ्लैट की फर्श, अब मरम्मत शुरू
कानपुर के पनकी-शताब्दी नगर स्थित केडीए की हिमालय भवन आवासीय योजना में फ्लैट का फर्श करीब एक फीट धंसने के बाद केडीए प्रशासन हरकत में आया है। गुरुवार को केडीए ने फ्लैट में मरम्मत का काम शुरू करा दिया है। जोन-2 के अधिशासी अभियंता ने मौके का निरीक्षण किया और फ्लैट में मरम्मत कार्य शुरू करा दिया। इसके साथ ही मरम्मत पूरी होने तक प्रभावित परिवार को योजना में ही दूसरे फ्लैट में अस्थायी रूप से रहने की व्यवस्था देने को कहा गया है। केडीए ने शुरू कराया फ्लैट के मरम्मत का काम हिमालय भवन के ग्राउंड फ्लोर स्थित फ्लैट नंबर डी-13/3 के बेडरूम का फर्श धंसने की शिकायत के बाद केडीए अधिकारियों ने मौके पर जांच की। जांच में सामने आया कि बाथरूम से निकलने वाले पानी की समुचित निकासी नहीं हो रही थी। पानी लगातार जमीन में रिसने के कारण फर्श के नीचे की मिट्टी कमजोर हो गई और बेडरूम का फर्श धंस गया। केडीए सचिव अभय पांडेय ने बताया कि मरम्मत के साथ जल निकासी की समस्या को भी दूर किया जा रहा है, जिससे आगे कभी ऐसी घटना दोबारा न हो। लीगल नोटिस देने के बाद केडीए ने शुरू कराया काम वहीं, फ्लैट में रहने वाले वंशवीर गुप्ता ने बताया कि उन्होंने साल 2024 में अपनी मां सुनीला गुप्ता के नाम पर 22.50 लाख रुपए में यह फ्लैट खरीदा था। उनका आरोप है कि 27 सितंबर की रात करीब दो बजे उनकी मां और पिता कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान बेड के चारों ओर की टाइल्स अचानक टूट गईं और फर्श करीब एक फीट नीचे धंस गया था, जिससे बेड भी धंसे हुए हिस्से में चला गया। वंशवीर का आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत आईजीआरएस पर कई बार की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। जब उन्होंने केडीए को लीगल नोटिस भेजा उसके बाद दो कमरों के फर्श की मरम्मत का काम शुरू कराया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)