कमरे में लकड़ी कारोबारी का शव मिला:सीतापुर में परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, रजाई ओढ़कर बिस्तर पर पड़ा था
सीतापुर में गुरुवार शाम रानी तालाब के पास किराए के कमरे में रह रहे लकड़ी कारोबारी का शव मिला। इजमाल (42) मूल रूप से बाड़ी के रहने वाले थे। पिछले कुछ समय से सिधौली में अकेले रहकर लकड़ी का कारोबार कर रहे थे। कमरे में उनका शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामला सिधौली कोतवाली क्षेत्र के सिद्धेश्वर नगर मोहल्ले का है। मजदूर मिलने पहुंचे तो बिस्तर पर पड़ा था शव जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर शाम लकड़ी काटने वाले कुछ मजदूर इजमाल से मिलने उनके कमरे पर पहुंचे थे। उस समय इजमाल बिस्तर पर रजाई ओढ़कर लेटे हुए थे। मजदूरों ने उन्हें आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर उन्होंने इजमाल को हिलाकर देखा तो वह मृत मिले। इसके बाद मजदूरों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का निरीक्षण किया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस के मुताबिक, इजमाल की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों ने जताई हत्या की आशंका इधर, परिजनों ने इजमाल की मौत को सामान्य नहीं मानते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि कुछ महीने पहले पैसों के लेनदेन को लेकर इजमाल का एक कबाड़ कारोबारी से विवाद हुआ था। इसी विवाद को लेकर परिजनों ने मामले की गहराई से जांच की मांग की है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। कश्मीर की युवती से की थी शादी परिजनों के मुताबिक, इजमाल ने कई वर्ष पहले अपनी मर्जी से कश्मीर की एक युवती से शादी की थी। बाद में वह किसी अन्य युवक के साथ चली गई थी। वर्तमान में परिवार में उनके पिता इरफान उर्फ अब्बन और उनसे बड़े एक भाई हैं। परिजनों ने यह भी बताया कि इजमाल मधुमेह और उच्च रक्तचाप से पीड़ित थे। सीओ बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)