खंड शिक्षक निर्वाचन को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक:आजमगढ़ में शिकायतों के निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम को किया गया सक्रिय,

Oct 18, 2026 - 18:58
0
खंड शिक्षक निर्वाचन को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक:आजमगढ़ में शिकायतों के निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम को किया गया सक्रिय,
आजमगढ़ में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समयसीमा में सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। निर्वाचन संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने कलेक्ट्रेट में स्थापित शिकायत निस्तारण कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर उसे सक्रिय कराया। आचार संहिता के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखें और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई करें। आचार संहिता का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने पोलिंग पार्टियों के प्रस्थान स्थल, मतदान केंद्रों तक आवागमन, रूट व्यवस्था तथा मतदान के बाद उनकी वापसी से संबंधित तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो। मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जिलाधिकारी ने जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटीज (एएमएफ) की उपलब्धता का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर बिजली, पेयजल, शौचालय, रैंप, दिव्यांग मतदाताओं के लिए सुगम आवागमन, साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और आवश्यक फर्नीचर जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मतदान केंद्रों का दोबारा निरीक्षण कर कमियों को चिह्नित करने और संबंधित विभागों के माध्यम से समय रहते उनका निस्तारण कराने को कहा। साथ ही निर्वाचन कार्मिकों की तैनाती, प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की भी समीक्षा की। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्व है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में अपनी जिम्मेदारियां पूरी करें। निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्वाचन संबंधी शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार ने कलेक्ट्रेट स्थित तृतीय तल पर स्थापित निर्वाचन शिकायत निस्तारण कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर उसे सक्रिय कराया। इस कंट्रोल रूम के माध्यम से गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 और विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई जा सकेंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन संबंधी शिकायतों के लिए 05462-246398, 05462-297551, 05462-297558 तथा मोबाइल नंबर 9454417172 जारी किए गए हैं। इन नंबरों पर निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार उनके निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। निर्वाचन कार्यों में लगे सुपरवाइजर और बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से संबंधित शिकायतों का भी यहां निस्तारण किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User