खुनुवा बॉर्डर पर फ्लाईऐश की आड़ में तस्करी का शक:2 ट्रकों से 13.84 टन कद्दू के बीज और अखरोट बरामद, चालक-खलासी फरार

Oct 02, 2026 - 17:12
0
खुनुवा बॉर्डर पर फ्लाईऐश की आड़ में तस्करी का शक:2 ट्रकों से 13.84 टन कद्दू के बीज और अखरोट बरामद, चालक-खलासी फरार
सिद्धार्थनगर में भारत-नेपाल सीमा के खुनुवा बॉर्डर पर फ्लाईऐश की आड़ में सामान की तस्करी का मामला सामने आया है। एसएसबी, पुलिस और कस्टम की संयुक्त टीम ने गुरुवार रात नेपाल से भारत में दाखिल हुए दो ट्रकों को संदिग्ध मानकर पकड़ा। शुक्रवार सुबह जांच के दौरान एक ट्रक में फ्लाईऐश के बीच 40 किलो की 346 बोरियों में करीब 13.84 टन कद्दू के बीज छिपे मिले। दूसरे ट्रक में भी अखरोट के पैकेट बरामद हुए हैं। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इनमें करीब एक हजार पैकेट हो सकते हैं, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पहिए के नीचे बैठने से हुआ शक, जांच में खुला मामला गुरुवार रात कस्टम अधिकारियों की नजर एक ट्रक के असामान्य रूप से नीचे बैठे पहिए पर पड़ी। ट्रक में भारी वजन होने का शक होने पर चालक से पूछताछ की गई। इसी दौरान कद्दू के बीज लदे ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। इसके बाद ट्रक की तलाशी ली गई तो फ्लाईऐश के बीच बोरियां छिपी मिलीं। जांच में इनमें कद्दू के बीज होने की जानकारी सामने आई। दूसरे ट्रक में भी मिला अखरोट संयुक्त टीम ने दूसरे ट्रक की जांच की तो उसमें भी बड़ी मात्रा में अखरोट के पैकेट मिले। अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल पूरे माल को ट्रकों से उतरवाकर उसकी गिनती और वजन कराया जा रहा है। बरामद अखरोट की वास्तविक मात्रा और कीमत जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। इतनी बड़ी मात्रा में माल सीमा तक पहुंचा कैसे? दोनों ट्रकों में फ्लाईऐश के बीच सामान छिपाकर लाए जाने की बात सामने आने के बाद सीमा पर निगरानी और जांच व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। अगर पहिया असामान्य रूप से नीचे बैठा नहीं दिखता तो क्या यह माल सामान्य जांच में पकड़ में आता? यह भी जांच का विषय है कि नेपाल से भारत आने के दौरान इन ट्रकों की पहले कहीं जांच हुई थी या नहीं। अगर जांच हुई थी तो इतनी बड़ी मात्रा में छिपाकर रखा गया सामान कैसे नहीं पकड़ा गया? जांच एजेंसियों के सामने यह सवाल भी है कि क्या फ्लाईऐश की आड़ में इसी तरह पहले भी सामान भारत लाया गया है। यदि ऐसा हुआ है तो अब तक कितने ट्रक इस रास्ते से भारत में दाखिल हुए और उनमें क्या-क्या सामान लाया गया, इसकी भी पड़ताल की जरूरत होगी। चीन से नेपाल और फिर भारत लाए जाने की शुरुआती जानकारी प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कद्दू के बीज चीन के रास्ते नेपाल पहुंचे और वहां से इन्हें भारत लाए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि इस रूट और माल के स्रोत की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। ऐसे में जांच का दायरा सिर्फ पकड़े गए ट्रकों तक सीमित रहने के बजाय माल भेजने वाले, मंगाने वाले और सीमा पार इससे जुड़े अन्य लोगों तक पहुंच सकता है। चालक-खलासी के फरार होने से भी सवाल कद्दू के बीज वाले ट्रक का चालक और खलासी जांच के दौरान फरार हो गए। दोनों के भागने से भी कई सवाल उठ रहे हैं। क्या उन्हें ट्रक में छिपाए गए सामान की पहले से जानकारी थी? क्या उन्हें कार्रवाई की आशंका थी? इन सवालों के जवाब चालक और खलासी की गिरफ्तारी के बाद सामने आने की उम्मीद है। माल की कीमत और नेटवर्क की जांच जारी फिलहाल एसएसबी, पुलिस और कस्टम की संयुक्त टीम दोनों ट्रकों से पूरा सामान उतरवाकर उसकी गिनती और वजन करा रही है। अधिकारी बरामद माल की कुल कीमत और तस्करी से जुड़े लोगों के बारे में अभी जानकारी साझा नहीं कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि दोनों ट्रकों से कुल कितने रुपये का माल बरामद हुआ और इसे भारत लाने के पीछे कौन लोग शामिल हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User