किसान पथ पर बोलेरो पलटी, महिला समेत 3 की मौत:उन्नाव से गंगाजल लेकर औसानेश्वर महादेव मंदिर जा रहे थे, तेज रफ्तार बोलेरो डिवाइडर से टकराई
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में सोमवार शाम किसान पथ पर तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सर्विस लेन के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद बोलेरो करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटते हुए पलट गई। हादसे में एक महिला, एक युवक और उसकी 3 साल की बेटी की मौत हो गई। वहीं, 6 माह के बच्चे समेत 9 लोग घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। बोलेरो सवार सभी लोग उन्नाव से गंगाजल लेकर बाराबंकी स्थित औसानेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे थे। हादसा मझिगवां गांव के पास हुआ। बोलेरो पलटने के बाद उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों और राहगीरों ने गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। इसी बीच सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गंगा से जल भरकर निकले थे श्रद्धालु पुलिस के मुताबिक, बोलेरो उन्नाव निवासी राकेश चला रहा था। गाड़ी में अजगैन निवासी संतोष उर्फ संतू, उनकी 3 साल की बेटी नैंसी, सोहरामऊ निवासी रामदुलारी समेत अन्य लोग सवार थे। सभी ने उन्नाव में गंगा नदी से गंगाजल भरा था। नवरात्रि के अवसर पर वे बाराबंकी के औसानेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे थे। रास्ते में श्रद्धालु भजन-कीर्तन कर रहे थे। सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे मझिगवां गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित हो गई। गाड़ी सर्विस लेन के डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई लोग अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने सड़क पर पलटी गाड़ी को सीधा कर घायलों को निकालने में मदद की। महिला, युवक और मासूम ने दम तोड़ा पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को ट्रॉमा सेंटर-2 भेजा गया, जबकि अन्य को गोसाईंगंज सीएचसी पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने रामदुलारी, संतोष और उनकी बेटी नैंसी को मृत घोषित कर दिया। बाद में घायलों को श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में दीपक, प्रमोद, रामू, सोनी, सुभाषिनी, सुशीला, लवकुश, अक्षय और 6 माह का बच्चा शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, अन्य घायलों की हालत खतरे से बाहर है। हादसे की सूचना मिलने पर मृतकों और घायलों के परिजन देर शाम लखनऊ पहुंच गए। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बोलेरो को सड़क से हटवाया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)