कन्नौज में गंगा नदी फिर खतरे के निशान के करीब:कटरी गांवों में दोबारा जलभराव, खेत-रास्ते डूबे; कासिमपुर में नाव बनी सहारा

Oct 03, 2026 - 09:55
0
कन्नौज में गंगा नदी फिर खतरे के निशान के करीब:कटरी गांवों में दोबारा जलभराव, खेत-रास्ते डूबे; कासिमपुर में नाव बनी सहारा
कन्नौज में गंगा का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है। नरौरा बांध से लगातार पानी छोड़े जाने के बाद शनिवार को नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया। इससे गंगा किनारे बसे कटरी क्षेत्र के गांवों में दोबारा जलभराव की स्थिति बनने लगी है। कुछ दिन पहले तक बाढ़ की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों की मुश्किलें फिर बढ़ गई हैं। 3 अक्टूबर को कन्नौज में गंगा का जलस्तर 125.630 मीटर दर्ज किया गया। खतरे का निशान 125.970 मीटर है। यानी नदी का पानी खतरे के निशान से महज 34 सेंटीमीटर नीचे है। लगातार बढ़ते जलस्तर ने कटरी क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। बाढ़ का पानी घटने के बाद पटरी पर लौट रही थी जिंदगी कुछ दिन पहले तक बाढ़ का दंश झेल रहे ग्रामीणों के घरों और रास्तों से पानी कम होने लगा था। इसके बाद लोग धीरे-धीरे रोजमर्रा के कामकाज में लौट रहे थे। अब गंगा का जलस्तर दोबारा बढ़ने से कई जगह खेतों और रास्तों में पानी भरने लगा है। ग्रामीणों के सामने आवागमन के साथ पशुओं के चारे और रोजमर्रा की जरूरतों की समस्या फिर खड़ी होने लगी है। ग्रामीण सतीश ने बताया कि पिछली बाढ़ से वे अभी पूरी तरह उबर भी नहीं पाए थे कि नदी का पानी फिर बढ़ने लगा। इससे दोबारा बाढ़ आने का डर सताने लगा है। कासिमपुर में नाव से आवाजाही, बख्शीपुरवा में स्कूल-पंचायत भवन बंद कासिमपुर गांव में बाढ़ के कारण मकानों और रास्तों में पानी भरा हुआ है। गांव में आने-जाने के लिए लोगों को नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं, पास के बख्शीपुरवा गांव में जलभराव के कारण प्राइमरी स्कूल और पंचायत भवन बंद पड़े हैं। गांवों में लंबे समय से पानी भरा होने के कारण बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है। ग्रामीणों को जलभराव के बीच रोजमर्रा के काम निपटाने में परेशानी हो रही है। कन्नौज-मल्लावां रोड पर कटान, हादसे का खतरा बारिश और बाढ़ के कारण जिले की कई सड़कों पर गड्ढे हो गए हैं। कन्नौज-मल्लावां रोड पर कई जगह सड़क पर कटान भी हो गया है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है। कन्नौज को हरदोई जिले के मल्लावां कस्बे से जोड़ने वाली इस सड़क पर दिन-रात वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क पर हुए कटान और गड्ढों के कारण वाहन चालकों को विशेष सावधानी के साथ निकलना पड़ रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User