लाफ्टर शो में भीड़ बेकाबू, पुलिस ने फटकारी लाठियां:25 हजार लोगों की भीड़ जुटी, बीच में रोकना पड़ा कार्यक्रम, होमगार्ड सहित कई घायल
हाथरस के मेला श्री दाऊजी महाराज में शुक्रवार रात लाफ्टर शो के दौरान हजारों की भीड़ जुटने से व्यवस्थाएं बिगड़ गईं। पंडाल और प्रवेश द्वारों पर भीड़ का दबाव बढ़ता गया। धक्का-मुक्की के बीच लोगों को अंदर जाने में परेशानी हुई। रात करीब 11 बजे स्थिति बेकाबू हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठियां फटकारीं तो भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड भीड़ में गिरकर घायल हो गया। कई अन्य लोगों के भी चोटिल होने की बात सामने आई। हालात बिगड़ने पर पुलिस-प्रशासन ने कार्यक्रम को आधी रात से पहले ही रुकवा दिया। शुक्रवार रात लाफ्टर शो देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मेला परिसर पहुंचे थे। पंडाल में क्षमता से ज्यादा भीड़ पहुंचने के कारण प्रवेश द्वारों पर दबाव बढ़ गया। लोग धक्का-मुक्की के बीच अंदर जाने की कोशिश करते रहे।रात करीब 11 बजे भीड़ अनियंत्रित होने लगी। पुलिस ने लोगों को नियंत्रित करने के लिए लाठियां फटकारीं। इसके बाद भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। होमगार्ड गिरकर घायल, एंबुलेंस नहीं मिली भीड़ को संभालने के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड भी धक्का लगने से नीचे गिर गया और घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस नहीं मिली। इसके बाद एसडीएम सदर की गाड़ी से होमगार्ड को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के दौरान कई अन्य लोगों के भी चोटिल होने की जानकारी सामने आई। मुरसान किला निवासी अल्फेज खान ने अपना मोबाइल चोरी होने की शिकायत की। भीड़ में कई लोगों को अपने सामान की चिंता सताती रही। बैरिकेडिंग टूटी, मंच तक पहुंची भीड़ हालात बिगड़ने पर लोगों की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई और हाथापाई की स्थिति भी बनी। वीआईपी पास लेकर पहुंचे लोगों को भी कार्यक्रम स्थल के अंदर प्रवेश नहीं मिल सका। इससे बाहर मौजूद लोगों में नाराजगी बढ़ती गई। इसी दौरान भीड़ ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और कुर्सियां भी फेंकी गईं। स्थिति इतनी बिगड़ी कि कुछ लोग मंच तक पहुंच गए। एक तरफ पंडाल के अंदर लोग कार्यक्रम देख रहे थे, वहीं बाहर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया था शुभारंभ लाफ्टर शो का शुभारंभ इससे पहले जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय और ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने किया था। कार्यक्रम में रूबा खान, गुलजार, खासा आला चहर, नंदिनी शर्मा और त्रिलोकी पोपट समेत कई कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुतियां काफी देर तक चलती रहीं, लेकिन भीड़ के लगातार अनियंत्रित होने के बाद पुलिस-प्रशासन ने कार्यक्रम को बीच में ही रुकवा दिया। प्रशासन के मुताबिक, बिगड़ती स्थिति को देखते हुए कार्यक्रम रोकना जरूरी हो गया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)