लेखपाल को शादी का कार्ड भेजकर 1.90 लाख उड़ाए:गोरखपुर में व्हाट्सएप ग्रुप में APK फाइल का लिंक आया, टच करते ही निकले पैसे
गोरखपुर में साइबर ठगों ने नया तरीका अपनाकर एक लेखपाल को निशाना बनाया है। व्हाट्सएप पर शादी का कार्ड बताकर APK फाइल भेजी और जैसे ही लेखपाल ने उसे टच किया, रातों-रात पंजाब नेशनल बैंक के खाते से 1 लाख 89 हजार 978 रुपए UPI के जरिए निकाल लिए गए। इस मामले में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कर साइबर एक्सपर्ट की मदद से जांच शुरू कर दी गई है। लेखपाल ने बताया कि उनके विभाग का एक व्हाट्सएप ग्रुप है, उसीपर शादी का कार्ड आया था। जानिए कैसे हुआ फ्रॉड
पीड़ित दिनेश कुमार पंकज तहसील कैंपियरगंज में लेखपाल के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक कैंट को तहरीर देकर बताया कि 9 जुलाई 2026 की रात में उनके PNB खाते से उनकी जानकारी और अनुमति के बिना यूपीआई के जरिए कई बार में कुल 1,89,978 रुपए निकाल लिए गए। जानकारी होने पर उन्होंने तुरंत बैंक को सूचना दी और NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। जब जांच की तो पता चला कि घटना से कुछ दिन पहले उनके मोबाइल पर लेखपाल ग्रुप में शादी का कार्ड APK फाइल के रूप में आया था, जिसे उन्होंने भूलवश टच कर दिया था। पीड़ित को आशंका है कि उसी APK फाइल या अन्य साइबर माध्यम से उनके खाते के UPI का दुरुपयोग कर फ्रॉड किया गया है। केस दर्ज, जांच शुरू
कैंट पुलिस ने तहरीर के आधार पर सोमवार की रात साइबर फ्रॉड की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना निरीक्षक विमलेश कुमार सिंह को सौंपी गई है। कैंट थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह का कहना है कि APK फाइल के जरिए साइबर ठगी बढ़ गई है। शादी का कार्ड, बिजली बिल, PM किसान योजना के नाम पर APK भेजकर मोबाइल का एक्सेस लिया जा रहा है। लोगों को किसी भी अनजान APK फाइल पर क्लिक करने से बचना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)