जालौन में बारिश-आंधी से फसलें बर्बाद:बीएसपी ने प्रदर्शन कर किसानों और कच्चे मकानों वाले गरीब परिवारों के लिए मुआवजे की मांग की
जालौन में 24, 25 और 26 सितंबर को हुई लगातार भारी बारिश और आंधी-तूफान से खरीफ की फसलों को हुए नुकसान को लेकर बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. बृजेश जाटव के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। साथ ही कलेक्ट्रेट में सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर किसानों को मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई गई है। ज्ञापन में प्रभावित किसानों के साथ-साथ बारिश और आंधी से कच्चे मकानों को हुए नुकसान के लिए गरीब एवं मजदूर परिवारों को भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है। बीएसपी जिलाध्यक्ष डॉ. बृजेश जाटव ने ज्ञापन में कहा कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार तीन दिनों तक हुई भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी खरीफ की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। ज्वार, बाजरा, धान, उड़द और तिल समेत कई फसलें तेज बारिश और आंधी के चलते खेतों में गिर गईं। कई स्थानों पर फसलों के पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने की स्थिति बनने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। विद्युत बिलों में राहत प्रदान किए जाने की मांग ज्ञापन में कहा गया कि किसानों ने खरीफ की फसल में अपनी मेहनत और पूंजी लगाई थी, लेकिन प्राकृतिक आपदा के कारण उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसे में प्रभावित किसानों को तत्काल सरकारी राहत उपलब्ध कराया जाना जरूरी है। बीएसपी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जनपद के प्रभावित क्षेत्रों में उच्चाधिकारियों की निगरानी में शीघ्र स्थलीय सर्वेक्षण कराया जाए। सर्वे के आधार पर फसल क्षति का वास्तविक आकलन कर प्रभावित किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाया जाए। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड से संबंधित देनदारियों और विद्युत बिलों में भी राहत प्रदान किए जाने की मांग की गई है। गरीब परिवारों को तत्काल राहत की आवश्यकता ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ गांवों में बारिश और आंधी के कारण गरीबों एवं मजदूरों के कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। ऐसे परिवारों को भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। बृजेश जाटव ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों और गरीब परिवारों को तत्काल राहत की आवश्यकता है। प्रशासन को नुकसान का स्थलीय सर्वे कराकर पात्र प्रभावित लोगों तक सरकारी सहायता पहुंचानी चाहिए। इस दौरान पार्टी के जिला सचिव भगवती शरण पांचाल, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, कीरत सिंह दोहरे समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)