लेखपाल पर 9.20 लाख की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज:जमीन में निवेश के नाम पर लिए थे रुपए, कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई
सिद्धार्थनगर में नौगढ़ तहसील की लेखपाल ज्योति सिंह उर्फ अनामिका सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। उन पर जमीन में निवेश के नाम पर 9.20 लाख रुपये लेने और बाद में रकम वापस न करने का आरोप है। पुलिस ने यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की है। नगरपालिका सदर निवासी शमीमुलहक अंसारी ने शिकायत में आरोप लगाया है कि ज्योति सिंह ने जमीन में रुपये लगाने पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिया था। उनके भरोसे में आकर शमीमुलहक ने अलग-अलग तारीखों में कुल 9.20 लाख रुपये दिए। एक साल बाद भी रकम नहीं मिली शिकायतकर्ता के मुताबिक, रुपये देने के करीब एक साल बाद जब उन्होंने निवेश की रकम और मुनाफे के बारे में जानकारी मांगी तो उन्हें कुछ समय इंतजार करने के लिए कहा गया। इसके बाद भी रकम वापस नहीं की गई। शमीमुलहक का आरोप है कि कई बार मांग करने के बावजूद उन्हें रुपये नहीं मिले। पुलिस से कार्रवाई नहीं हुई तो कोर्ट पहुंचे शमीमुलहक ने मामले की शिकायत पहले पुलिस से की थी। आरोप है कि पुलिस स्तर से कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय में अर्जी दाखिल की। कोर्ट के आदेश के बाद संबंधित मामले में लेखपाल ज्योति सिंह उर्फ अनामिका सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)