लेखपालों ने 17 अक्टूबर से कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी:फिरोजाबाद में आठ मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम SDM को सौंपा ज्ञापन
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में लेखपाल संघ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम शनिवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की। संघ ने मांगें पूरी न होने पर 17 अक्टूबर से प्रदेशव्यापी संपूर्ण कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है। संघ ने कहा कि बढ़ते कार्यभार और संसाधनों के अभाव के बावजूद लेखपाल राजस्व अभिलेख, वरासत, नामांतरण, पैमाइश, ई-गवर्नेंस, आपदा प्रबंधन और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कार्य कर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी वर्षों पुरानी मांगें लंबित हैं। 400 से 800 किलोमीटर दूर कार्यरत ज्ञापन में लेखपालों का प्रारंभिक वेतनमान लेवल-5 (ग्रेड पे 2800) करने, वेतन विसंगति दूर करने और करीब आठ वर्षों से लंबित अंतर्मंडलीय स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू करने की मांग की गई। संघ के अनुसार करीब 2700 लेखपाल अपने गृह जनपद या मंडल से 400 से 800 किलोमीटर दूर कार्यरत हैं। इसके अलावा चयन वर्ष 2025-26 की लंबित पदोन्नति सूची जारी करने, विभागीय परीक्षा परिणाम घोषित कर नवनियुक्त लेखपालों का स्थायीकरण करने और 16 वर्षों से अपरिवर्तित भत्तों में वृद्धि की मांग की गई। स्टेशनरी भत्ता 100 से बढ़ाकर 500, वाहन भत्ता 1500 और विशेष भत्ता 100 से बढ़ाकर 1000 रुपये प्रतिमाह करने की मांग भी रखी गई। लेखपाल पद को टेक्निकल पद घोषित संघ ने पटल सहायक व प्रभारी राजस्व निरीक्षक के कार्य से संबद्ध लेखपालों को अवमुक्त करने, ग्राम सचिवालयों में मूलभूत सुविधाएं व सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा लेखपाल पद को टेक्निकल पद घोषित कर लैपटॉप व मोबाइल उपलब्ध कराने की मांग की। तहसील अध्यक्ष नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो लेखपाल 17 अक्टूबर से संपूर्ण कार्य बहिष्कार करने के लिए विवश होंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)