लखनऊ के अस्पताल में हरदोई के युवक की मौत, हंगामा:बुखार था, डॉक्टरों ने आंत फटी बताया; ऑपरेशन के बाद टूट गया दम
हरदोई के 22 साल के युवक की लखनऊ के प्राइवेट अस्पताल में शुक्रवार शाम मौत हो गई। परिजनों ने हंगामा करते हुए अस्पताल के बाहर की सड़क जाम कर दी। पुलिस ने आकर किसी तरह समझाया तब परिजन वहां से हटे। मामला दुबग्गा स्थित बेगरिया गांव के लखनऊ सिटी मैक्स हॉस्पिटल का है। परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक को बुखार था। जब यहां लेकर आए तो जांच के बाद बताया गया कि आंत फटी है। ऑपरेशन के बाद युवक की मौत हो गई। सभी घरवाले अस्पताल में मौजूद थे जानकारी के मुताबिक, हरदोई जिले के पाठकपुर गांव निवासी गुरदीन को करीब 10 दिनों से बुखार आ रहा था। गुरुवार शाम को उसके चचेरे भाई सूरज ने उसे दुबग्गा के बेगरिया गांव स्थित लखनऊ सिटी मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। उस दौरान गुरदीन की मां शोभा समेत परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल में मौजूद थे। परिजनों के अनुसार, अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने गुरदीन की आंत फटने की बात बताई। इसके बाद डॉक्टरों ने गुरुवार रात को ही उसका ऑपरेशन किया। परिजनों को उम्मीद थी कि ऑपरेशन के बाद उसकी हालत में सुधार होगा, लेकिन शुक्रवार को युवक की तबीयत बिगड़ने लगी। शुक्रवार शाम को उसकी मौत हो गई। आवाजाही रुकी तो पुलिस पहुंची युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। अस्पताल के बाहर हंगामे के चलते सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और बेगरिया रोड पर जाम जैसी स्थिति बन गई। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने नाराज परिजनों को समझाने का प्रयास किया और मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और सड़क से हट गए, जिससे यातायात फिर से सुचारु हो गया। परिजनों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)