लखनऊ में बिजली कटौती, नाराज ग्रामीणों ने इटौंजा उपकेंद्र घेरा:बंथरा में 4 घंटे बिजली गुल रही, 50-60 लोगों ने किया हंगामा
लखनऊ में शुक्रवार को बिजली कटौती और फॉल्ट से कई इलाकों के लोग परेशान रहे। लगातार बिजली न आने से नाराज ग्रामीणों ने इटौंजा बिजली उपकेंद्र का घेराव कर दिया। करीब 50-60 लोगों ने एसडीओ और जूनियर इंजीनियर के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान ग्रामीणों और बिजली कर्मचारियों के बीच बहस भी हुई। हंगामा बढ़ने पर कई कर्मचारी उपकेंद्र छोड़कर चले गए। सूचना मिलने पर जूनियर इंजीनियर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। 100 केवीए ट्रांसफार्मर जला इटौंजा उपकेंद्र के बगहा गांव में गुरुवार रात 100 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया था। शुक्रवार सुबह तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने पर ग्रामीणों ने उपकेंद्र से लेकर टोल फ्री नंबर 1912 तक शिकायत की। सुनवाई नहीं होने से नाराज होकर ग्रामीण उपकेंद्र पहुंच गए। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में पहले से ही लगातार बिजली कटौती हो रही है। कई बार ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की गई थी। इसके बाद गुरुवार को 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया, लेकिन रात में ही वह जल गया। ग्रामीणों के मुताबिक 25 केवीए का एक ट्रांसफार्मर पहले से खराब है, जिसे अब तक नहीं बदला गया। वहीं, एसडीओ जीशान अली ने बताया कि 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने के लिए सुबह ही हाइड्रा मंगाया गया था। इसी दौरान ग्रामीणों ने 25 केवीए ट्रांसफार्मर की जगह 63 केवीए का ट्रांसफार्मर जबरन ले जाकर लगा दिया। उन्होंने बताया कि स्वीकृति 25 केवीए ट्रांसफार्मर की ही है। बंथरा में चार घंटे बिजली गुल, पानी का संकट कानपुर रोड स्थित गहरू उपकेंद्र के बंथरा और नींव फीडर की बिजली शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे बंद हो गई। शाम सात बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं होने से ग्रामीण भीषण गर्मी में परेशान रहे। सबमर्सिबल पंप बंद होने से पेयजल का संकट भी खड़ा हो गया। जेई अमित उपाध्याय ने बताया कि नींव फीडर की केबल खराब होने और बंथरा फीडर की लाइन पर पेड़ की टहनियां गिरने से आपूर्ति बाधित हुई। कैसरबाग में खंभे और तारों में लगी आग कैसरबाग स्थित निर्यात भवन के पास 400 केवीए ट्रांसफार्मर के नजदीक बिजली के खंभे और तारों में आग लग गई। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने उपकेंद्र को फोन कर बिजली आपूर्ति बंद कराई। जेई शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि कूड़े में आग लगने से इंटरनेट केबल जलने लगी थीं। करीब एक घंटे बाद बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी गई। इसके अलावा अलीगंज के सेक्टर-एन1, सेक्टर-पी और सेक्टर-एम में भी बिजली कटौती से लोग परेशान रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)