लखनऊ में कैमरा कौशल प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित:छात्रों ने डिजिटल तकनीकी, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की बारीकियां सीखी

Sep 25, 2026 - 19:24
0
लखनऊ में कैमरा कौशल प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित:छात्रों ने डिजिटल तकनीकी, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की बारीकियां सीखी
लखनऊ में राजकीय पॉलीटेक्निक के जनसंचार विभाग में शुक्रवार को विद्यार्थियों के लिए ‘कैमरा हैंडलिंग एवं कौशल प्रशिक्षण’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को कैमरा की डिजिटल तकनीकी, उसके व्यावहारिक उपयोग तथा फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी से जुड़ी बारीकियों से परिचित कराना था। कार्यशाला के बाद विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। कार्यशाला में तकनीकी विशेषज्ञ अमित सक्सेना ने विद्यार्थियों को डिजिटल कैमरा के विभिन्न तकनीकी पक्षों की जानकारी दी। उन्होंने कैमरा संचालन के दौरान आवश्यक सावधानियों के साथ-साथ बेहतर फोटो एवं वीडियो तैयार करने के लिए कैमरा की सेटिंग्स और तकनीकों के व्यावहारिक प्रयोग को समझाया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के कैमरा लेंस, ISO, ब्लैक एंड व्हाइट (BW), विभिन्न कैमरा एंगल, लाइटिंग, शटर शॉट तथा व्यू एंगल (View Angle) सहित कैमरा के अन्य महत्वपूर्ण तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि विषय, स्थान, प्रकाश और आवश्यकता के अनुसार कैमरा की तकनीकी सेटिंग में किस प्रकार परिवर्तन किया जाता है। तकनीकी विशेषज्ञ अमित सक्सेना ने विद्यार्थियों को कैमरा हैंडलिंग की व्यावहारिक जानकारी देते हुए कैमरा के विभिन्न फीचर्स के उपयोग का प्रदर्शन भी किया। विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण के दौरान कैमरा संचालन से संबंधित प्रश्न पूछे और विभिन्न तकनीकी प्रक्रियाओं को समझा। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने कैमरा के माध्यम से दृश्य को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए एंगल, लेंस, प्रकाश और शटर स्पीड जैसे तकनीकी पक्षों के महत्व को जाना। कार्यशाला समन्वयक एवं जनसंचार विभाग के व्याख्याता डॉ. बृजेन्द्र कुमार वर्मा ने कहा कि जनसंचार के विद्यार्थियों के लिए कैमरा तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यशाला का आयोजन राजकीय पॉलीटेक्निक, लखनऊ के जनसंचार विभाग द्वारा किया गया था। कार्यशाला में कैनन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के उत्तर प्रदेश के सेल्स हेड श्री हेमंत चौरे, अमित अरोड़ा और जनसंचार विभाग की व्याख्याता सुरभि यादव भी उपस्थित रहीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User