लखनऊ में नैमिष नगर से जुड़ेगा ग्रीन कॉरिडोर:53 करोड़ से बनेगी 9.9 किमी सड़क, एलडीए उपाध्यक्ष ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण
किसान पथ से आईआईएम रोड के बीच बन रहे ग्रीन कॉरिडोर को अब नैमिष नगर से भी जोड़ा जाएगा। इसके लिए आईआईएम रोड स्थित घैला पुल से नैमिष नगर तक 9.9 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर का निर्माण शुरू हो गया है। इस परियोजना पर करीब 53 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत 24 मीटर चौड़ी बंधा रोड और लिंक रोड बनाई जाएगी। इससे नैमिष नगर और आसपास के इलाकों के लोगों को आवागमन के लिए एक नया रास्ता मिलेगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गुरुवार को निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को काम में तेजी लाने और तय समयसीमा में विकास कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। 24 मीटर चौड़ी होगी आईआईएम रोड से नैमिष नगर को जोड़ने वाली सड़क आईआईएम रोड से मुबारकपुर चौराहे होते हुए नैमिष नगर योजना को जोड़ने वाली सड़क का भी चौड़ीकरण किया जाएगा। फिलहाल यह सड़क करीब 10 मीटर चौड़ी है। इस मार्ग पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है। ऐसे में एलडीए उपाध्यक्ष ने सड़क को 24 मीटर चौड़ा करने के निर्देश दिए हैं। इससे इस मार्ग पर यातायात को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। 1673 प्लॉटों के विकास पर जोर एलडीए की नैमिष नगर योजना के ब्रह्मखंड और भूमिखंड के फेज-1 व फेज-2 में कुल 1673 भूखंडों के लिए पंजीकरण खोले गए हैं। इन दोनों सेक्टरों में सड़क, सीवर, पानी की पाइपलाइन और ड्रेनेज समेत बुनियादी सुविधाओं का विकास कराया जा रहा है। निरीक्षण से पहले उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने ग्राम पलहरी स्थित साइट ऑफिस में अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें विकास कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल 16 निविदाओं के माध्यम से अलग-अलग काम कराए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान सभी संबंधित स्थानों पर निर्माण कार्य चलते मिले। बरसात से पहले सड़क निर्माण पूरा करने के निर्देश एलडीए उपाध्यक्ष ने योजना के फेज-1 के सभी सेक्टरों में सेक्टोरल रोड का निर्माण शुरू कराने के लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करने को कहा। जिन दो सेक्टरों में भूखंडों के लिए पंजीकरण खोला गया है, वहां सड़क निर्माण का काम बरसात से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। सैदापुर और कोडरी भौली में भी होंगे विकास कार्य नैमिष नगर योजना के दायरे में आने वाले गांवों में भी बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके लिए उपाध्यक्ष ने भूमिखंड और ब्रह्मखंड के बीच स्थित सैदापुर और कोडरी भौली गांव में विकास कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। योजना के तहत इन इलाकों में भी जरूरी अवस्थापना सुविधाओं पर काम कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान एलडीए के मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, एसडीएम संगीता राघव, जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार और नीरज कुमार, प्रभारी अधिशासी अभियंता विशाल यादव समेत अन्य अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)