मैंने बेटी को डस्टबीन में फेंक दिया:मां के बयान में उलझी पुलिस, गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से गायब बच्ची नहीं मिली
गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज से एक माह की नवजात बच्ची के लापता होने के मामले में मां के बयान से पुलिस उलझ गई है। बच्ची की मां बार-बार अपना बयान बदल रही है। सोमवार सुबह 9 बजे बच्ची गायब हुई थी। तभी से उसका कहीं पता नहीं चल पाया है। अब बच्ची के साथ अनहोनी की आशंका जताई जा रही है। इस तरह महिला बदलती रही बयान, दौड़ती रही पुलिस बच्ची की मां रोशनी ने मंगलवार सुबह कहा कि बेटी को मेडिकल कॉलेज कैंपस की झाड़ियों में फेका था। यह सुनकर दोपहर के समय करीब 3 घंटे तक पुलिस टीम झाड़ियों में तलाश करती रही। दोपहर करीब 3 बजे महिला ने बोला कि बेटी को रेलवे स्टेशन के पास डस्टबीन में फेंक दिया था। इसके बाद पुलिस टीम रोशनी और उसके पति राममनोहर को लेकर रेलवे स्टेशन पहुंची। वहां भी बच्ची कहीं नहीं मिली। बच्ची की मां ने एक बार यह भी कहा कि मैंने बेटी को मार डाला है। महिला की मानसिक दशा अच्छी नहीं है। इस वजह से पुलिस कड़ाई भी नहीं कर पा रही है। कैमरे में मां के साथ दिखी बच्ची
गुलरिहा पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में बच्ची की मां सुबह 8:51 बजे वार्ड से बच्ची को लेकर निकलती दिखाई दे रही है। इसके बाद 9:01 बजे मुख्य गेट पर पहुंचने के दौरान उसके हाथ में बच्ची नजर नहीं आ रही है। महिला ने पहले प्राचार्य कार्यालय के सामने स्थित प्यारेलाल पार्क में बच्ची को छोड़ने की बात कही, फिर रेलवे स्टेशन के डस्टबीन में डालने का बयान दिया। पुलिस ने दोनों जगह घंटों तलाशी अभियान चलाया लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। मामले की जांच में गुलरिहा पुलिस, डॉग स्क्वायड और एंटी थेफ्ट टीम को लगाया गया है। पति को कॉल कर बताया खाना खाने जा रही हूं पुलिस की जांच में सामने आया है कि सोमवार सुबह 8:51 बजे महिला ने अपने पति को फोन कर बताया था कि वह खाना खाने जा रही है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में वह वार्ड से बच्ची को लेकर निकलती दिखाई दे रही है। इसके करीब दस मिनट बाद, सुबह 9:01 बजे, वह एक हाथ में झोला और दूसरे हाथ में ऊनी तौलिया लेकर मुख्य गेट पर पहुंचती दिखाई देती है। इस दौरान उसके हाथ में बच्ची नजर नहीं आती। इसके बाद महिला ऑटो से रेलवे स्टेशन पहुंची और वहां से अपने पति को फोन कर बच्ची के गायब होने की जानकारी दी। पति उसे लेकर मेडिकल चौकी पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। रात में गांव चली गई थी महिला
सोमवार रात महिला अपने पति और मां के साथ गांव चली गई थी। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बच्ची की मां, बुआ और पति मेडिकल चौकी पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने महिला दरोगा के माध्यम से पूछताछ शुरू की। शाम करीब पांच बजे पुलिस रेलवे स्टेशन से महिला को लेकर दोबारा मेडिकल चौकी पहुंची और पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि कहीं बच्ची को किसी अन्य व्यक्ति को तो नहीं सौंपा गया है या उसे कहीं और तो नहीं छोड़ दिया गया। यह है पूरा मामला संतकबीरनगर के गोपालपुर निवासी रोशनी की एक माह की बच्ची काव्या का बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। तबीयत में सुधार के बाद सोमवार को बच्ची को फीडिंग के लिए मां को सौंपा गया। करीब दो घंटे बाद डॉक्टरों को वार्ड में मां-बच्ची नहीं मिलीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इस संबंध में एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि बच्ची की मां कई बार अपना बयान बदल चुकी है। अस्पताल परिसर के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)