मां की फटकार के बाद युवक फंदे से लटका मिला:कल्याणपुर में नशे में घर पहुंचा था, विवाद के बाद दूसरे कमरे में गया; सुबह मिला शव

Oct 03, 2026 - 13:47
0
मां की फटकार के बाद युवक फंदे से लटका मिला:कल्याणपुर में नशे में घर पहुंचा था, विवाद के बाद दूसरे कमरे में गया; सुबह मिला शव
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात शराब पीकर घर पहुंचे युवक का अपनी मां से विवाद हो गया। मां ने शराब पीकर घर आने पर उसे फटकार लगाई और दोबारा शराब न पीने के लिए कहा। इससे नाराज युवक दूसरे कमरे में चला गया। मां को लगा कि वह सोने चला गया है। शनिवार तड़के मां कमरे में पहुंचीं तो बेटे का शव फंदे से लटका देखकर उनकी चीख निकल गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को 112 नंबर पर घटना की जानकारी दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, कल्याणपुर के गोबा गार्डन निवासी मुलायम सिंह यादव सीएसए में तैनात हैं। उनके बड़े भाई रामकिशोर की वर्ष 2024 में बीमारी के चलते मौत हो गई थी। रामकिशोर के परिवार में उनकी पत्नी निशा देवी और बेटा आशीष यादव (29) हैं। वर्तमान में परिवार दलहन बीज विधान प्लॉट, सीएसए परिसर में रहता है। रामकिशोर भी सीएसए के दलहन विभाग में तैनात थे। शराब पीने की आदत से परेशान थी मां चाचा मुलायम सिंह यादव ने बताया कि आशीष को शराब पीने की लत थी। शुक्रवार देर रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा था। घर आने के बाद किसी बात को लेकर उसकी मां निशा देवी से कहासुनी हो गई। मां ने शराब पीकर घर आने पर उसे फटकार लगाई। इस बात से नाराज होकर आशीष दूसरे कमरे में चला गया। परिजनों को लगा कि वह कमरे में जाकर सो गया है। सुबह कमरे में पहुंची मां तो उड़ गए होश शनिवार तड़के निशा देवी की नींद खुली तो वह बेटे को देखने के लिए उसके कमरे में गईं। कमरे के अंदर आशीष को फंदे से लटका देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाकर परिवार के अन्य सदस्यों को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। युवक को फंदे से लटका देखकर परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और कमरे की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कमरे और आसपास के स्थानों की भी जांच की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक शराब पीने का आदी था। शुक्रवार रात शराब के नशे में घर आने के बाद उसका मां से विवाद हुआ था। इसके बाद उसने फंदा लगाकर जान दे दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों की ओर से यदि कोई तहरीर या आरोप दिया जाता है तो उसकी भी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User