मासूम की संदिग्ध मौत मामले में हत्या का आरोप:एटा में दो भाइयों ने कोल्डड्रिंक में जहर मिलाकर पिलाया था, पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया
एटा के थाना जैथरा क्षेत्र में एक बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मामले में चौकाने वाला खुलासा हुआ है। मृतक बच्चे प्रियांशु की मां ने अपने ही पड़ोस के दो भाइयों पर बच्चे को पेप्सी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार बच्चे की हालत बिगड़ने पर पहले उसे अलीगंज के एक निजी अस्पताल में दिखाया गया, जहां से डॉक्टर ने उसे रेफर कर दिया था। इसके बाद दिल्ली के कलावती अस्पताल में उपचार के दौरान 7 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे प्रियांशु की मौत हो गई थी। मृतक की मां श्रीमती देवी ने आरोप लगाया कि पड़ोस के दो भाइयों के बीच आपस में विवाद चल रहा था। करीब दो दिन पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसी दौरान उनकी सास बीच-बचाव करने के लिए पहुंची थीं। आरोप है कि बाद में जब दोनों भाइयों के बीच फिर विवाद हुआ तो एक ने कथित तौर पर बताया कि उसके बड़े भाई ने उससे पेप्सी मंगाई थी और प्रियांशु को घर बुलाकर उसी पेप्सी में कोई जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया था। आरोप के मुताबिक छोटे भाई ने यह भी कहा था कि इसका असर एक-दो दिन में हो जाएगा। देखिए 3 तस्वीरें… 7 अक्टूबर को हुई थी प्रियांशु की मौत परिजनों के अनुसार 5 अक्टूबर को प्रियांशु की तबीयत खराब होने पर उसे अलीगंज के एक निजी अस्पताल में दिखाया गया था। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने बच्चे को रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन बच्चे को दिल्ली स्थित कलावती अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार किया गया। करीब दो दिन उपचार के बाद 7 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे अस्पताल में प्रियांशु की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चे में जहर के लक्षण होने की बात कही थी। डॉक्टरों ने यह भी सवाल किया था कि कहीं बच्चे को सांप ने तो नहीं डंसा था। हालांकि परिवार के लोग उस समय घटना को सामान्य मान रहे थे और उन्हें किसी साजिश की आशंका नहीं थी। बताया गया कि 8 अक्टूबर की सुबह परिजन प्रियांशु के शव को लेकर गांव पहुंचे और गांव के पास स्थित तालाब के समीप उसे दफना दिया गया। घटना के कई दिन बाद अब बच्चे को जहरीला पदार्थ दिए जाने के आरोप सामने आने से मामला संदिग्ध हो गया है। डायल 112 पर सूचना के बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया मामले में जैथरा थानाध्यक्ष सुनील वर्मा ने आज सुबह परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम के साथ थाना जैथरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर दोनों को हिरासत में लिया और दोनों को पूछताछ के लिए थाना जैथरा ले गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। बच्चे को वास्तव में जहरीला पदार्थ दिया गया था या उसकी मौत किसी अन्य कारण से हुई, यह जांच और चिकित्सकीय साक्ष्यों के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस आरोपों, अस्पताल के उपचार संबंधी रिकॉर्ड और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)