मेला देखकर लौट रही महिला का गला काटा:ऑटो चालक व साथी पर रेप करने का आरोप, मरा समझ फेंक गए

Sep 29, 2026 - 15:33
0
मेला देखकर लौट रही महिला का गला काटा:ऑटो चालक व साथी पर रेप करने का आरोप, मरा समझ फेंक गए
आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में मेला देखकर लौट रही महिला के साथ ऑटो चालक और उसके साथी ने रेप किया। विरोध करने पर उसका गला धारदार हथियार से काट दिया। महिला को मरा हुआ समझकर आरोपी भाग निकले। करीब डेढ़ महीने बाद पीड़िता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई है। घटना 10 अगस्त की बताई गई है। महिला की शिकायत के अनुसार वह 1 बल्केश्वर से मेला देखकर घर लौट रही थी। वाटरवर्क्स चौराहे पर टेढ़ी बगिया निवासी परिचित ऑटो चालक कृष्णा पुत्र सालिगराम मिला। उसने घर छोड़ने की बात कहकर उसे ऑटो में बैठा लिया। ऑटो में टेढ़ी बगिया के जगदंबा रोड निवासी एक युवक पहले से बैठा था। पीड़िता का आरोप है कि भाटिया पेट्रोल पंप के पास चालक ने ऑटो फाउंड्री नगर के पीछे श्मशान घाट की तरफ मोड़ दिया। पूछने पर जल्दी घर पहुंचाने के लिए इस रास्ते से जाने की बात कही। कुछ दूर सुनसान रास्ते पर ऑटो रोककर दोनों ने उसका गला साड़ी से दबाया। इसके बाद चाकू दिखाकर उसके साथ रेप किया। विरोध करने और चीखने पर आरोपियों ने चाकू से गले पर वार किए। इसी दौरान पुलिस सायरन की आवाज सुनाई देने पर दोनों आरोपी उसे मरा हुआ समझकर सड़क किनारे फेंककर भाग गए। कुछ देर बाद पुलिस को महिला सड़क पर घायल हालत में मिली। उसके मोबाइल से परिजनों को सूचना दी गई। गंभीर हालत में उसे एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पीड़िता के अनुसार, करीब चार दिन बाद होश आने पर उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। महिला का आरोप है कि 16 अगस्त को उसने ट्रांस यमुना थाने में शिकायत की थी। वहां घटना एत्माद्दौला क्षेत्र की बताकर उसे संबंधित थाने भेज दिया गया। इसके बाद वह कार्रवाई के लिए पुलिस अधिकारियों और थानों के चक्कर लगाती रही। करीब सात सप्ताह बाद पुलिस आयुक्त के निर्देश पर मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई। पीड़िता ने आरोपियों के परिजन पर समझौते के लिए दबाव बनाने, धमकाने और रुपये का लालच देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User