'मेरे सपनों का भारत'प्रतियोगिता में रिया ने जीता पहला स्थान:मथुरा में विद्यार्थियों ने दिखाई कल्पनाशीलता, कई और छात्रों को भी मिला इनाम

Sep 28, 2026 - 19:03
0
'मेरे सपनों का भारत'प्रतियोगिता में रिया ने जीता पहला स्थान:मथुरा में विद्यार्थियों ने दिखाई कल्पनाशीलता, कई और छात्रों को भी मिला इनाम
मथुरा में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सुबह 11 से शाम 4 बजे तक ‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर जनपद स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से ब्लॉक स्तर पर चयनित विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने रंगों और चित्रों के माध्यम से भारत के प्रति अपने सपनों, विचारों और कल्पनाओं को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में परिषदीय विद्यालय वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय जटपुरा, नौहझील की कक्षा छह की छात्रा रिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय झींगा, गोवर्धन की कक्षा सात की कल्पना द्वितीय, उच्च प्राथमिक विद्यालय पसोली, चौमुहां के कक्षा आठ के छात्र जतिन तृतीय, उच्च प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मी नगर, नगर क्षेत्र मथुरा की खुशी चतुर्थ और उच्च प्राथमिक विद्यालय औरंगाबाद, मथुरा की इशिका पंचम स्थान पर रहीं। वहीं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय वर्ग में कक्षा आठ की गुंजन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। KGBV मथुरा की कक्षा नौ की वर्षा द्वितीय और KGBV फरह की कक्षा नौ की साक्षी तृतीय स्थान पर रहीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता और जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे शामिल रहीं। निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों की चित्रकृतियों का बारीकी से अवलोकन कर उनकी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और विषय की अभिव्यक्ति के आधार पर सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया। कार्यक्रम में बलदेव विधायक पूरन प्रकाश, राज्यसभा सांसद चौधरी तेजवीर सिंह के प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, SRG, ARP, शिक्षक-शिक्षिकाएं और अभिभावक मौजूद रहे। इस दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों ने विद्यालय स्तर पर किए जा रहे अभिनव कार्यों को लेकर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के साथ देश के भविष्य को लेकर उनकी सोच और कल्पनाओं को सामने लाने का अवसर प्रदान किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों और नागरिकों का आभार जताया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User