यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:ज्ञानेश कुमार के घर पर लिखा- ‘वोट चोर गद्दार’; छत पर चढ़े 3 तेंदुए; MCA पास चोर ने पूछा- ‘क्या मैं वांटेड हूं?’

Sep 28, 2026 - 19:03
0
यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:ज्ञानेश कुमार के घर पर लिखा- ‘वोट चोर गद्दार’; छत पर चढ़े 3 तेंदुए; MCA पास चोर ने पूछा- ‘क्या मैं वांटेड हूं?’
आज की सबसे बड़ी खबर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर प्रदेशभर में कांग्रेस के प्रदर्शन से जुड़ी है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर सीएम योगी के बिना नाम लिए अखिलेश यादव पर ‘टोटी चोरी’ का तंज कसने को लेकर है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें... 1- कांग्रेसियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के घर पर लिखा- गद्दार; लखनऊ में पुलिस से भिड़े मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। आगरा में उनके घर पर कालिख पोतकर ‘गद्दार, वोट चोर’ लिखा तो लखनऊ में आयोग कार्यालय घेरने जा रहे कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का-मुक्की हुई। काशी में पोस्टर को जूतों से पीटा गया, महिलाओं ने चूड़ियां लेकर प्रदर्शन किया। मुरादाबाद, गोरखपुर, सहारनपुर में पुलिस से भिड़ंत हुई। पूरी खबर पढ़ें 2- योगी बोले- टोटी चोर चोरी करते रहेंगे; अखिलेश चिंता न करें, हर हफ्ते नौकरी बांटेंगे सीएम योगी ने बिना नाम लिए अखिलेश यादव पर ‘टोटी चोरी’ को लेकर तंज कसा। बोले- अगर कोई टोटी चोरी कर ले जाए तो प्लंबर उसे ठीक कर देता है, वरना पानी बहता रहेगा। सपा के आरोपों पर पलटवार कर कहा- अगले छह महीने में एक लाख नौजवानों को नियुक्ति पत्र दूंगा। आप गिनते रहिए। सोमवार को लखनऊ में 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को जॉइनिंग लेटर दिए। पूरी खबर पढ़ें 3- बृजभूषण को कोर्ट ने नोटिस भेजा, महिला पहलवानों ने दोबारा शिकायत की थी महिला पहलवानों की याचिका पर दिल्ली के राउज एवेंन्यू कोर्ट ने बृजभूषण शरण सिंह और विनोद तोमर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। सुनवाई 9 अक्टूबर को होगी। 3 अगस्त को यौन शोषण के आरोपों से दोनों बरी किए गए थे। 25 सितंबर को महिला पहलवानों ने लोअर कोर्ट के फैसले को चुनौती दी थी। पहलवानों ने फैसले में सबूतों के गलत आंकलन का आरोप लगाया है। पूरी खबर पढ़ें 4- डिंपल-प्रियंका साथ में प्रचार करेंगी? अखिलेश ने जवाब नहीं दिया, बोले- कुछ नहीं बोलूंगा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन और सीट शेयरिंग को लेकर अखिलेश यादव ने सस्पेंस बढ़ा दिया है। डिंपल यादव और प्रियंका गांधी के एकसाथ प्रचार करने के सवाल पर बोले- मैं इस पर कुछ नहीं कहूंगा। ब्रजेश पाठक पर तंज कसते हुए कहा- वो फिर डपटे जाएंगे। भाजपा आधी अधूरी नौकरी- शिक्षा देने का काम कर रही। सरकार आने पर शिक्षामित्रों को शिक्षक का सम्मान देंगे। पूरी खबर पढ़ें 5- दिशा पाटनी की बहन खुशबू बोलीं-अपनी सुरक्षा के लिए खुद तैयार हों लड़कियां दिशा पाटनी की बहन खुशबू ने कहा- लड़कियां खुद आत्मरक्षा के गुर सीखें। अपनी सुरक्षा के लिए खुद तैयार रहना चाहिए। सैन्य अधिकारी रहीं खुशबू ने डॉटर्स डे पर वीडियो शेयर कर लड़कियों को सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग लेने की सलाह दी। इसके अलावा एयर पिस्टल की जानकारी भी दी। कहा कि पिस्टल का इस्तेमाल जिम्मेदारी के साथ सिर्फ आत्मरक्षा को किया जाना चाहिए। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें... 6- मायावती बोलीं- चंद्रशेखर को बीजेपी ने धांधली कर जितवाया, सांसद बोले- मेरी जीत को षड्यंत्र मत कहिए बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा- नगीना में चंद्रशेखर को बीजेपी ने ईवीएम में धांधली कर जितवाया। बसपा को नुकसान पहुंचाने के लिए ऐसा किया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विवाद पर कहा- वोटर जिसको वोट दे रहा, उस वोट की गिनती भी उसी पक्ष में होना चाहिए न कि दूसरे में उसे गिना जाए। चंद्रशेखर ने पलटवार करते हुए कहा- मेरी जीत को षडयंत्र मत कहिए। पूरी खबर पढ़ें 7- मुरादाबाद में छत पर चढ़े 3 तेंदुए, 2 मकान ढहे, कुशीनगर 600 परिवारों ने घर छोड़ा यूपी में 4 दिन की बारिश के बाद बाढ़ से हालात बिगड़े। बदायूं में 70 साल पुरानी दो मंजिला कोठी 3 सेकंड में ताश के पत्तों की तरह ढह गई। मुरादाबाद में बारिश के बीच मकान की छत पर एक साथ 3 तेंदुए दिखे। कुशीनगर में नेपाल से पानी छोड़े जाने के बाद बाढ़ से 1,400 परिवार प्रभावित हैं। 600 परिवार तटबंध पर शरण लिए हैं। सीतापुर में नदियां खतरे के निशान से पार हुईं। पूरी खबर पढ़ें 8- पीलीभीत में डंपर ने कार को मारी टक्कर, मां-बेटे-बहू की मौत पीलीभीत में सोमवार दोपहर डंपर और कार की भीषण टक्कर में मां-बेटे और बहू की मौत हो गई। हादसे में दो बच्चे भी घायल हुए हैं। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार चला रहा बेटा अंदर फंस गया। पुलिस ने दरवाजा काटकर उसके शव को बाहर निकाला। मृतक उत्तराखंड के रहने वाले थे। कार से रिश्तेदार के घर नामकरण संस्कार में जा रहे थे। पूरी खबर पढ़ें 9- मथुरा में बैंककर्मी से 'IAS बनवाऊंगा' कहने वाला सपा नेता अरेस्ट, कहा था- खूबसूरत हो मथुरा में महिला बैंककर्मी से ‘CM कोटे से IAS बनवाऊंगा’ कहने वाला सपा नेता राजन अहमद रिजवी गिरफ्तार हो गया। 12 दिन से फरार रिजवी अलीगढ़ में रिश्तेदार के घर छिपा था। रविवार को पुलिस ने छापा मारकर पकड़ा। बैंककर्मी ने पीछा करने, रेकी और आपत्तिजनक मैसेज भेजने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था। सपा ने प्रदेश महासचिव पद से हटा दिया था। पूरी खबर पढ़ें 10- इटावा में एक्सप्रेस-वे पर DSP की मौत, 6 महीने पहले इंस्पेक्टर से प्रमोट हुए इटावा में हादसे में घायल DSP नरेंद्र सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। शनिवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर उनकी क्रेटा आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी थी। हादसे में DSP और उनके गनर गंभीर घायल हुए थे। पुलिस ने दरवाजे काटकर दोनों को बाहर निकाला था। सैफई PGI में रविवार देर रात DSP ने दम तोड़ दिया। 6 महीने पहले प्रमोट होकर DSP बने थे। पूरी खबर पढ़ें 11- लखनऊ में अपार्टमेंट का पिलर धंसा, 25 परिवार बाल-बाल बचे लखनऊ में अपार्टमेंट का पिलर धंस गया। हालांकि, उसमें रह रहे 25 परिवारों को बाहर सुरक्षित निकाल लिया गया। वहां से निकाले गए एक व्यक्ति ने कहा- पिलर धंसते ही ऐसा लगा, जैसे भूकंप आ गया हो। पुलिस ने आसपास बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी। पूरे अपार्टमेंट को खाली करा दिया गया है। डीएम विशाख जी ने परिवारों के रहने की अस्थायी व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। पूरी खबर पढ़ें 12- गोरखपुर में रैपिडो राइडर बोला- काटकर फेंक दूंगा, वाराणसी के युवक को धमकाया राइड कैंसिल करने पर गोरखपुर में राइडर ने युवक को 22 बार कॉल कर काटकर फेंकने की धमकी दी। कहा- ‘राइड कैंसिल क्यों की, आपको काटकर फेंक दूंगा।’ वाराणसी निवासी हेमंत मिश्रा ने गोरखनाथ मंदिर में रामकथा सुनने जाने के लिए राइड बुक की थी। बुकिंग में ड्राइवर का नाम जहुर अहमद देखकर उन्होंने राइड कैंसिल कर दी। इसके बाद राइडर ने गाली-गलौज की। पूरी खबर पढ़ें 13- कानपुर में MCA पास ने 30 किलो चांदी चुराई; कोर्ट से पूछा था- क्या मैं वांटेड हूं कानपुर में 30 किलो चांदी चोरी करने वाले MCA ग्रेजुएट को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उस पर जुए-सट्टे का 10 लाख रुपए कर्ज था। सीसीटीवी खंगालने के बाद पुलिस को उस पर शक हुआ। उधर, युवक कोर्ट पहुंचा और अर्जी देकर पूछा- क्या मैं वांटेड हूं? कोर्ट ने अर्जी पुलिस को जांच के लिए भेजी। इससे पुलिस का शक और गहरा गया और रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है... 14- DM से युवक बोला- इंद्रदेव से बारिश रुकवाइए; भगवान का नंबर नहीं, दिव्य संपर्क करिए हरदोई में लगातार बारिश से परेशान युवक ने इंद्रदेव के खिलाफ IGRS पर शिकायत कर दी। समाजसेवी सूरज तिवारी ने लिखा- “मुझे इंद्रदेव का नंबर नहीं पता इसलिए डीएम दिव्य संपर्क कर बारिश रोकने के निर्देश दें।” उसने आगे लिखा- बिना सूचना लगातार बारिश हो रही है, इससे सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव है। सूरज ने 26 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। पूरी खबर पढ़ें कल क्या रहेगा खास... 15- इंटरनेशनल ट्रेड शो का समापन 29 सितंबर को ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे एडिशन का आखिरी दिन है। समापन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि होंगे। तीन दिन में ट्रेड शो में 4.74 लाख लोग पहुंच चुके हैं। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात...

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User