मेरठ में हिस्ट्रीशीटर भाइयों पर रंगदारी और हत्या की धमकी:पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत कर मांगी सुरक्षा, मारपीट का भी आरोप
मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के गांव लिसाड़ी में रहने वाले रोहित ने तीन सगे भाइयों पर रंगदारी मांगने और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने शुक्रवार को एसएसपी से शिकायत कर सुरक्षा की मांग की है। रोहित ने अपनी शिकायत में बताया कि उसके मोहल्ले के कार्तिक, सूरज और नितिश अपराधी हैं। कार्तिक लिसाड़ी गेट थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पीड़ित का आरोप है कि करीब पांच महीने पहले सूरज ने उसकी नाबालिग भतीजी शिवानी से छेड़छाड़ की थी। इसका विरोध करने पर तीनों भाई उससे दुश्मनी रखने लगे। रोहित परतापुर थाना क्षेत्र के रिठानी पीर के सामने श्रेणी स्टाम्प पेपर वर्क्स के नाम से अपना काम करते हैं। पीड़ित के मुताबिक, 21 सितंबर की शाम करीब 7 बजे वह दवाई लेने गांव लिसाड़ी गया था। तभी सूरज ने उसे रोककर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी और पैसे न देने पर गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी। जब रोहित ने विरोध किया, तो सूरज ने कार्तिक और नितिश को बुला लिया। आरोप है कि तीनों ने रोहित के साथ मारपीट की और सूरज ने ईंट से उसकी बांह पर वार किया। पीड़ित ने बताया- यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी अब उसे फोन कर धमकी दे रहे हैं। शुक्रवार को उसने एसएसपी को सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्डिंग के साथ शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)