मेरठ में रास्ते की मांग को लेकर भूख हड़ताल:आरआरटीएस पिलर से रास्ता संकरा होने का कॉलोनीवासियों ने जताया विरोध
मेरठ के पल्लवपुरम क्षेत्र स्थित सुभाष कॉलोनी के निवासियों ने सर्विस रोड की मांग को लेकर गांधी जयंती पर कॉलोनी के मुख्य गेट के सामने एक दिवसीय भूख हड़ताल शुरू की। प्रदर्शनकारी पिलर संख्या 1806 के सामने बैठे। उन्होंने डोरली मेट्रो स्टेशन से कॉलोनी के मुख्य गेट तक सर्विस रोड बनवाने की मांग की। साथ ही रास्ते, नाले और सरकारी भूमि पर हुए निर्माण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। कॉलोनीवासियों के अनुसार, आरआरटीएस निर्माण के दौरान मुख्य गेट के सामने पिलर संख्या 1806 बना दिया गया। इससे करीब 100 परिवारों के आवागमन का रास्ता काफी संकरा हो गया है। उनका कहना है कि रास्ता संकरा होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। आपात स्थिति में एंबुलेंस और दमकल जैसे वाहनों के पहुंचने में भी दिक्कत हो सकती है। निवासियों ने आसपास नाले के ऊपर बने पक्के छज्जों और सरकारी भूमि पर हुए निर्माण को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि इन निर्माणों के कारण रास्ते की स्थिति और खराब हो गई है।कॉलोनीवासियों के मुताबिक, समस्या के समाधान के लिए आरआरटीएस, नगर निगम, वन विभाग और मेरठ विकास प्राधिकरण को कई बार शिकायत और आवेदन दिए जा चुके हैं। 27 दिसंबर 2025 को आरआरटीएस को दिए गए आवेदन की प्राप्ति संख्या 24884 है। वहीं, 14 सितंबर 2026 को नगर निगम में भी शिकायत दी गई थी। इसके बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने मौके का स्थलीय निरीक्षण कर पैमाइश कराने, रास्ते और सरकारी भूमि पर हुए निर्माण की जांच करने तथा नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। उन्होंने डोरली मेट्रो स्टेशन से कॉलोनी के गेट तक सर्विस रोड का निर्माण कराने की भी मांग रखी। मांगें पूरी नहीं होने पर कॉलोनीवासियों ने आगे क्रमिक अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)