मेरठ में सपा कार्यालय में मान्यवर कांशीराम को किया याद:जिलाध्यक्ष बोले- नौकरी छोड़ वंचितों को जागरूक करने में लगा दिया पूरा जीवन
मेरठ में समाजवादी पार्टी की ओर से शुक्रवार को जेल चुंगी स्थित जिला कार्यालय पर बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक मान्यवर कांशीराम का परिनिर्वाण दिवस मनाया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में कांशीराम के सामाजिक संघर्ष, बहुजन समाज को संगठित करने और वंचित वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के प्रयासों को याद किया गया। इस मौके पर विचार गोष्ठी भी हुई, जिसमें उनके जीवन और योगदान पर चर्चा की गई। सपा जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी ने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने नौकरी छोड़कर अपना पूरा जीवन समाज के दबे-कुचले और वंचित लोगों को जागरूक करने में लगा दिया। उन्होंने लोगों को संगठित होकर अपने अधिकारों को समझने और उनके प्रति सजग रहने का संदेश दिया। बामसेफ और बसपा के जरिए लोगों को किया संगठित कर्मवीर सिंह गुमी ने कहा कि कांशीराम ने वर्ष 1978 में बामसेफ की स्थापना की। इसके जरिए उन्होंने लोगों को संगठित और जागरूक करने का काम किया। इसके बाद वर्ष 1984 में बहुजन समाज पार्टी की स्थापना कर बहुजन समाज की आवाज को राजनीतिक मंच देने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि कांशीराम ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों और संविधान के मूल्यों को आगे बढ़ाया। उन्होंने वंचित वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और समाज में समानता स्थापित करने की दिशा में काम किया। विचारों को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांशीराम का जीवन सामाजिक जागरूकता, संघर्ष और समर्पण का उदाहरण है। उनके विचार आज भी वंचित वर्गों को संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए जागरूक रहने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि परिनिर्वाण दिवस पर कांशीराम को याद करने के साथ उनके विचारों और संघर्ष को आम लोगों तक पहुंचाना भी जरूरी है। उनके योगदान को याद रखना और सामाजिक समानता के उनके संदेश को आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)