महोबा के बेलाताल में बुंदेलखंड की पहली हाईटेक नर्सरी:दो महीने में 1.15 लाख हाइब्रिड पौधों की बिक्री, 2 रुपए से शुरू है सब्जी पौधों का रेट
महोबा में बेलाताल स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में बुंदेलखंड की पहली हाईटेक नर्सरी किसानों के लिए उपयोगी साबित हो रही है। करीब डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस नर्सरी से पिछले दो महीनों में 1.15 लाख हाइब्रिड पौधे बिक चुके हैं। महोबा के अलावा हमीरपुर, बांदा, झांसी और मध्य प्रदेश के पड़ोसी जिलों के किसान भी यहां से पौधे ले रहे हैं। इससे क्षेत्र में सब्जी उत्पादन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। जिला उद्यान अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि हाईटेक नर्सरी करीब एक हेक्टेयर क्षेत्र में फैली है। तकनीकी व्यवस्था के चलते यहां मौसम की स्थिति का ज्यादा असर नहीं पड़ता और टमाटर, बैंगन, मिर्च, करेला और गेंदा समेत विभिन्न फसलों के उच्च गुणवत्ता वाले पौधे तैयार किए जाते हैं। बेहतर पौध मिलने से बुंदेलखंड की बंजर भूमि में भी सब्जी की खेती को बढ़ावा मिल रहा है। 2.25 लाख पौधे तैयार, 1.15 लाख की हो चुकी बिक्री पिछले दो महीनों में नर्सरी में कुल 2.25 लाख पौधे तैयार किए गए। इनमें से 1.15 लाख पौधे किसानों को बेचे जा चुके हैं। महोबा के साथ उत्तर प्रदेश के बांदा, झांसी और हमीरपुर से किसान पौधे लेने पहुंच रहे हैं। मध्य प्रदेश के छतरपुर, खजुराहो, नौगांव और निवाड़ी से भी किसान यहां से पौधे खरीद रहे हैं। 2 रुपए में टमाटर-बैंगन, 2.70 रुपए में बेलदार सब्जियों के पौधे नर्सरी में टमाटर, पत्तागोभी, फूलगोभी और बैंगन के पौधे 2 रुपए प्रति पौधे की दर से उपलब्ध हैं। वहीं लौकी, तरोई, खीरा, करेला, तरबूज और खरबूज के पौधों की कीमत 2.70 रुपए प्रति पौधा है। किसानों को अपनी पसंद की किस्म के बीज से पौधे तैयार कराने की सुविधा भी दी जा रही है। किसान के बीज पर निर्माण शुल्क और कम यदि किसान खुद बीज उपलब्ध कराता है तो नर्सरी में टमाटर और बैंगन जैसी फसलों के पौधे तैयार कराने के लिए केवल 1.75 रुपए प्रति पौधा शुल्क लिया जाता है। बेलदार सब्जियों के पौधों के लिए यह शुल्क महज 1.40 रुपए प्रति पौधा है। हाईटेक नर्सरी से गुणवत्तापूर्ण पौधे उपलब्ध होने के कारण जिले में सब्जी की खेती का रकबा बढ़ने और किसानों की आय में गुणात्मक सुधार की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)