महोबा में गांधी-शास्त्री जयंती धूमधाम से मनाई गई:डीएम प्रभास कुमार ने अनाथालय में बच्चों को बांटे फल

Oct 02, 2026 - 13:38
0
महोबा में गांधी-शास्त्री जयंती धूमधाम से मनाई गई:डीएम प्रभास कुमार ने अनाथालय में बच्चों को बांटे फल
महोबा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डीएम प्रभास कुमार ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कलेक्ट्रेट अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ, जहां वक्ताओं ने उनके जीवन आदर्शों पर प्रकाश डाला। इसके उपरांत शुक्रवार समय 11 बजे डीएम ने अनाथालय पहुंचकर बच्चों को फल बांटे। ​2 अक्टूबर को जनपद महोबा में स्वाधीनता आंदोलन को नई दिशा देने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और जय जवान, जय किसान का नारा देने वाले पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम प्रभास कुमार, एडीएम इंद्र नंदन, सूर्यकांत त्रिपाठी, सुखबीर सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट में गांधी जी के प्रिय भजनों और राष्ट्रीय गीतों की गूंज रही। आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने दोनों जननायकों के जीवन मूल्यों, सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेशों पर अपने विचार रखे। डीएम प्रभास कुमार ने कहा कि गांधी जी के सत्याग्रह और सविनय अवज्ञा आंदोलन ने देश में आजादी की लौ जलाई। उन्होंने अधिकारियों को गांधी जी के अंत्योदय के सपने को साकार करने, स्वच्छता अपनाने और एक टीम की तरह कार्य करते हुए जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। अन्य अधिकारियों ने भी समाज सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और कार्यालय में आने वाले हर फरियादी की समस्या को ध्यानपूर्वक सुनकर समाधान करने पर जोर दिया। गोष्ठी के समापन के बाद जिलाधिकारी ने अनाथालय पहुंचकर बच्चों के बीच फल वितरण किया और उन्हें महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के कई अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय समाजसेवी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User