महराजगंज में युवक की मौत:पत्नी और चार बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल, जांच में जुटी पुलिस
महराजगंज में कोल्हुई थाना क्षेत्र के महुवारी टोला रायपुर में बुधवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान जयराम पुत्र रामधन के रूप में हुई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस जांच में जुटी है। घटना की सूचना मिलने के बाद कोल्हुई थाना प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ परिजनों से घटना की जानकारी ली। मौके पर उपनिरीक्षक राजीव सिंह, उपनिरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक रमेश वरुण और आकाश कुमार खरवार समेत पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक जयराम की पत्नी का नाम प्रमिला है। उनके चार बच्चे हैं, जो सभी नाबालिग बताए जा रहे हैं। जयराम की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोग भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधाते रहे। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)