मिल्कीपुर में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का समापन:विधायक चंद्रभानु पासवान ने कहा- पोषण योजनाओं को गांव तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी की अहम भूमिका
अयोध्या जिले मिल्कीपुर ब्लॉक मुख्यालय सभागार में बाल पुष्टाहार विभाग का तीन दिवसीय आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम बुधवार 30 सितंबर को संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को संबोधित किया। विधायक ने कहा कि बच्चों और महिलाओं के पोषण व स्वास्थ्य में आंगनबाड़ी केंद्रों की अहम भूमिका है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां गांव-गांव में माताओं और बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा से जोड़ने का काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में बढ़ोतरी की गई है और उन्हें सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि मिल्कीपुर ब्लॉक में पांच नए आंगनबाड़ी केंद्र बनकर तैयार हैं और 49 केंद्र पहले से संचालित हैं। 10 नए केंद्रों का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। ब्लॉक में 100 सहायिकाओं की नियुक्ति हो चुकी है, जबकि 13 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि पहले बच्चे के जन्म पर 5 हजार रुपये दो किस्तों में और दूसरी संतान बेटी होने पर 6 हजार रुपये एकमुश्त दिए जाते हैं। सरकार पोषण और स्वास्थ्य को लेकर गंभीर है। कार्यक्रम में सीडीपीओ ओम प्रकाश ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली 12 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और 15 को साड़ी वितरित की गई। इस दौरान छह गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकत्रियां मौजूद रहीं। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष श्याम नारायण पाठक, भाजपा नेता अरुण गुप्ता, कैलाश जयसवाल, समेत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं समेत भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)