मिर्जापुर में स्वास्थ्य इंडीकेटर्स खराब मिलने पर विशेष सचिव नाराज:राजगढ़ में खाली सब सेंटर 6 अक्टूबर तक भरने के निर्देश; गलत जानकारी पर कार्रवाई की चेतावनी
मिर्जापुर में आकांक्षात्मक विकासखंडों में विकास कार्यों की धीमी प्रगति और स्वास्थ्य विभाग के खराब इंडीकेटर्स पर विशेष सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन श्याम बहादुर सिंह ने नाराजगी जताई। सोमवार रात करीब 8 बजे तक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के साथ हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सभी लक्ष्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। सरकार की ओर से आकांक्षात्मक विकासखंडों के लिए निर्धारित 50 इंडीकेटर्स के आधार पर हलिया, पटेहरा, नगर, राजगढ़ और पहाड़ी विकासखंडों की समीक्षा की गई। विशेष सचिव ने राजगढ़ की स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की विशेष रूप से जानकारी ली। सीएम फेलो ने बताया कि राजगढ़ में 34 सब सेंटर हैं, जिनमें 47 एएनएम तैनात हैं, जबकि 5 सब सेंटर खाली हैं। इस पर विशेष सचिव ने सीएमओ को निर्देश दिया कि जिन केंद्रों पर एक से अधिक एएनएम तैनात हैं, वहां से एएनएम को खाली सब सेंटरों पर स्थानांतरित कर 6 अक्टूबर तक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गर्भवती महिलाओं का आंकड़ा पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश गर्भवती महिलाओं की रिपोर्टिंग सही नहीं मिलने पर विशेष सचिव ने बीसीपीएम को आशाओं के माध्यम से गर्भवती महिलाओं का आंकड़ा जुटाकर पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश दिए। वहीं, प्रभारी चिकित्साधिकारी राजगढ़ डॉ. संतलाल द्वारा सही जानकारी नहीं दिए जाने और स्वास्थ्य विभाग के कई इंडीकेटर्स में खराब प्रगति पर उन्होंने जिलाधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। अगले दिन निरीक्षण, कमी मिली तो कार्रवाई विशेष सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कमियां उसी दिन दूर की जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगले दिन निरीक्षण के दौरान यदि कमियां मिलीं या सही जानकारी नहीं दी गई तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि, जल संसाधन, मूलभूत अवस्थापना, वित्तीय समावेशन और कौशल विकास समेत विभिन्न क्षेत्रों की प्रगति की समीक्षा की गई। बोले- कागजी प्रगति नहीं, पात्रों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ विशेष सचिव ने कहा कि केवल कागजी प्रगति पर्याप्त नहीं है। योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए धर्मजीत सिंह, सीएमओ डॉ. कीर्ति कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी बाबू लाल, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)