मऊ एसपी ने विसर्जन घाट का किया निरीक्षण:संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश, अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

Oct 19, 2026 - 07:35
0
मऊ एसपी ने विसर्जन घाट का किया निरीक्षण:संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश, अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
मऊ में दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। रविवार देर शाम एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने दोहरीघाट थाना क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थल और घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने क्षेत्राधिकारी घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी और दोहरीघाट के प्रभारी निरीक्षक समेत भारी संख्या में पुलिस बल के साथ कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण किया। इसके बाद विसर्जन स्थल पहुंचकर सुरक्षा इंतजाम, भीड़ प्रबंधन और विसर्जन मार्ग की स्थिति का निरीक्षण किया। संवेदनशील स्थानों पर बढ़ेगी निगरानी निरीक्षण के दौरान एसपी ने निर्देश दिए कि प्रतिमा विसर्जन मार्ग, घाटों और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की निगरानी बढ़ाने के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। दुर्गा पूजा पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रभावी गश्त करने को भी कहा। अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर एसपी ने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने धार्मिक आयोजनों के दौरान आपसी सौहार्द और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाने तथा आमजन से लगातार संवाद स्थापित करने पर जोर दिया। पुलिस ने लोगों से की अपील पुलिस ने लोगों से दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल सूचना दें। जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User