मऊ की नवीन मंडी में प्रशासन ने अवैध कब्जे हटाए:तीन महीने से दी जा रही थी चेतावनी; दोबारा कब्जा करने पर कार्रवाई की हिदायत
मऊ में बलिया मोड़ स्थित नवीन मंडी परिसर में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटवाए। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन के निर्देश पर कृषि उत्पादन मंडी समिति के अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए रास्तों पर बांस-बल्ली लगाकर आवागमन बाधित करने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दोबारा अतिक्रमण करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नवीन मंडी परिसर में कई स्थानों पर अवैध रूप से दुकानें लगाई जा रही थीं। कुछ दुकानदारों ने बांस-बल्ली लगाकर रास्तों पर कब्जा कर लिया था, जिससे मंडी में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मंडी परिसर में आवागमन बाधित होने और अव्यवस्था की स्थिति को देखते हुए मंडी समिति प्रशासन की ओर से पिछले तीन महीने से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए जा रहे थे। इसके बावजूद संबंधित दुकानदारों ने आदेशों की अनदेखी की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए। इसके बाद उपजिलाधिकारी सदर कुंवर सचिन, तहसीलदार सदर, मंडी सचिव अमित गुप्ता और मंडी सहायक मनोज कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी नवीन मंडी परिसर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में अभियान चलाकर रास्तों पर किए गए अवैध कब्जे हटवाए गए। इस दौरान मंडी सचिव अमित गुप्ता ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि वे दोबारा बांस-बल्ली लगाकर रास्तों पर अतिक्रमण न करें। ऐसा करने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दुकानदारों से मंडी परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और कचरा इधर-उधर न फेंकने की भी अपील की। मंडी प्रशासन ने कहा कि परिसर को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाए रखने के लिए सभी दुकानदारों का सहयोग जरूरी है। रास्तों को अतिक्रमण मुक्त रखने से मंडी में आवागमन सुचारु रहेगा और व्यापारिक गतिविधियों में भी सहूलियत होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)