मऊ में 3 नगर निकायों के ईओ को नोटिस:डीएम बोले- अगले महीने तक सुधार नहीं तो होगी कार्रवाई, वंदन योजना में खराब प्रदर्शन पर नाराजगी

Oct 15, 2026 - 18:55
0
मऊ में 3 नगर निकायों के ईओ को नोटिस:डीएम बोले- अगले महीने तक सुधार नहीं तो होगी कार्रवाई, वंदन योजना में खराब प्रदर्शन पर नाराजगी
मऊ में नगरीय निकायों में विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने नाराजगी जताई है। गुरुवार शाम 4:30 बजे हुई समीक्षा बैठक में वंदन योजना में खराब प्रदर्शन मिलने पर दोहरीघाट, वलीदपुर और मुहम्मदाबाद गोहना के अधिशासी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। डीएम ने चेतावनी दी कि अगले महीने तक काम में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में स्वच्छता व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, राजस्व वसूली और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की गई। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में सड़क किनारे कूड़ा नहीं फेंका जाए। जिन नगर निकायों में अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था पूरी नहीं है, वे अपना कूड़ा नजदीकी नगर पंचायत के अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र तक पहुंचाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क किनारे कूड़ा मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। घोसी का एमआरएफ सेंटर जल्द होगा चालू एमआरएफ सेंटर की समीक्षा के दौरान घोसी नगर पंचायत में निर्माण पूरा होने के बावजूद संचालन से जुड़ी प्रक्रियाएं लंबित मिलीं। डीएम ने इन्हें जल्द पूरा कर सेंटर को चालू करने के निर्देश दिए। साथ ही कूड़ा उठान के निर्धारित स्थानों पर निगरानी रखने, सफाई कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और रोस्टर के अनुसार सफाई सुनिश्चित करने को कहा। अदरी, अमिला और दोहरीघाट में कूड़ा प्रबंधन के लिए जमीन उपलब्ध नहीं होने पर डीएम ने निर्देश दिया कि सरकारी भूमि नहीं मिलने की स्थिति में निजी जमीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू की जाए। अवैध कब्जे हटाने और राजस्व वसूली पर जोर डीएम ने सार्वजनिक शौचालयों को चालू रखने, प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाने, नियमित फॉगिंग और नालों की सफाई कराने के निर्देश दिए। सरकारी जमीन से अवैध कब्जे हटाने और संपत्ति रजिस्टर अपडेट रखने को भी कहा। होर्डिंग-बैनर, टैक्सी स्टैंड और बस स्टैंड से नियमानुसार शुल्क वसूलने के निर्देश दिए गए। लंबित निविदाओं को जल्द पूरा करने, निर्माण कार्यों की थर्ड पार्टी जांच कराने और खराब प्रदर्शन करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। छठ पर्व से पहले घाटों पर होंगे इंतजाम छठ पर्व को देखते हुए डीएम ने झीलों, तालाबों और घाटों पर जरूरी काम समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मजबूत बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में लापरवाही मिलने पर संबंधित नगर निकाय की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। गो-आश्रय स्थलों में चारा और भूसे का पर्याप्त भंडारण बैठक में गो-आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। डीएम ने हरे चारे और भूसे का पर्याप्त भंडारण रखने, मृत पशुओं के शवों का नियमानुसार निस्तारण और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन कान्हा गौशालाओं को भी जल्द पूरा कराने को कहा। पीएम स्वनिधि में सुधार, आवास योजना की ट्रैकिंग के निर्देश पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति में पिछले महीने की तुलना में सुधार मिलने पर डीएम ने संतोष जताया। वहीं, पीएम आवास योजना (शहरी) में शत-प्रतिशत ट्रैकिंग पूरी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना और मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना सहित अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार, नगर पालिका परिषद मऊ के अधिशासी अधिकारी मणि भूषण तिवारी, सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी और परियोजना निदेशक डूडा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User