मऊ में दिव्यांगजनों को बांटे सहायक उपकरण:सेवा संकल्प अभियान के तहत ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, स्मार्टकेन और कान की मशीन मिलीं
मऊ में सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से शुक्रवार को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पालिका कम्युनिटी हॉल में दोपहर 3 बजे हुए कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने पात्र दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए। उपकरण मिलने के बाद लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी नजर आई। उन्होंने शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। 15 मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल समेत उपकरण बांटे
कार्यक्रम में 15 मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 66 ट्राइसाइकिल, 66 जोड़ी बैसाखी, 38 एमआर किट, 22 व्हीलचेयर, 15 स्मार्टकेन, 28 कान की मशीन और 18 लेप्रोसी किट समेत अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए। लाभार्थियों ने बताया कि इन उपकरणों से आवागमन और दैनिक कार्यों में सुविधा मिलेगी। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि शासन की ओर से दिव्यांगजनों के कल्याण और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजन अपने रोजमर्रा के कार्य अधिक सुगमता से कर सकेंगे। उन्होंने पात्र लोगों से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। शिक्षा और रोजगार में भी मिलेगी मदद
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना और उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराना है। इससे आवागमन के साथ शिक्षा, रोजगार और दैनिक जीवन से जुड़े कार्यों में सहूलियत मिलेगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी। अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य, उप निदेशक दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग आजमगढ़ मंडल, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में पात्र लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराए गए। विभागीय अधिकारियों ने भविष्य में भी पात्र दिव्यांगजनों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रयास जारी रखने की बात कही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)