मऊ में नियमों के खिलाफ चल रही बसों पर कार्रवाई:8 बसों का चालान, 3 जब्त; 'ऑपरेशन कवच 2.0' के तहत एक्शन
मऊ। जिले में बसों के निर्धारित मानकों के विपरीत संचालन और अनधिकृत रूप से चल रहे वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने मंगलवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। ऑपरेशन कवच 2.0 के तहत हुई कार्रवाई में आठ वाहनों का चालान किया गया, जबकि तीन वाहनों को अलग-अलग थानों में निरुद्ध कराया गया। मऊ के प्राइवेट बस स्टैंड पर भी एक बस को सीज किया गया। परिवहन विभाग की टीम ने मंगलवार सुबह से शाम चार बजे तक जिले के विभिन्न स्थानों पर बसों की जांच की। इस दौरान बस बॉडी कोड के निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित होने वाले वाहनों को चिह्नित किया गया। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। मुख्यमंत्री के निर्देश के क्रम में ऑपरेशन कवच 2.0 अभियान 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय विशेष अभियान के रूप में चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य बसों के संचालन में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराना और अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों पर कार्रवाई करना है। चेकिंग के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने वाहनों के दस्तावेजों और बस बॉडी से संबंधित मानकों की जांच की। नियमों के विपरीत पाए गए वाहनों पर चालान और निरुद्ध करने की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत आगे भी जिले में अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग जारी रहेगी। मंगलवार की कार्रवाई सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुहेल अहमद, प्रवर्तन पर्यवेक्षक जनमेजय यादव और प्रवर्तन सिपाही दुर्गविजय यादव की टीम ने की। विभाग की कार्रवाई से मानकों के विपरीत और अनधिकृत रूप से बसों का संचालन करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)