जलभराव से नाराज लोगों ने काशीराम रोड जाम की:शारदा विहार में नहर का पानी घुसा, SDM ने जल्द समाधान का भरोसा दिया
उन्नाव के शारदा विहार मोहल्ले में मंगलवार शाम करीब 4 बजे जलभराव से परेशान लोगों ने काशीराम रोड पर जाम लगा दिया। लोग सड़क पर बैठ गए, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया। सूचना पर एसडीएम सदर राजेश विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत की। उन्होंने जल्द जलभराव की समस्या दूर कराने का भरोसा दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया। नहर की पटरी से पानी आने का आरोप स्थानीय लोगों के मुताबिक, शारदा विहार और आसपास के मोहल्लों में पिछले दो दिनों से जलभराव है। लोगों का आरोप है कि पीछे की ओर नहर की पटरी से पानी कटकर मोहल्ले में आ रहा है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी लगातार जमा हो रहा है। कई घरों में कमर तक पानी पहुंचने का लोगों ने दावा किया है। स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी लोगों ने बताया कि रास्ते पानी में डूबे होने के कारण पैदल आवागमन मुश्किल हो गया है। जलभराव की वजह से बच्चों को स्कूल भेजने में भी परेशानी हो रही है। लंबे समय से पानी जमा होने के कारण उसमें सड़ांध आने लगी है। लोगों का कहना है कि जलभराव वाले इलाकों में सांप और अन्य जलचर जीव भी पहुंच रहे हैं, जिससे परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। दो दिन से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि वे पिछले दो दिनों से अधिकारियों से जलभराव की शिकायत कर रहे हैं। लोगों के मुताबिक, उन्हें समस्या जल्द दूर कराने का आश्वासन मिलता रहा, लेकिन पानी निकालने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर उन्होंने मंगलवार शाम काशीराम रोड पर जाम लगा दिया। एसडीएम के आश्वासन पर खत्म किया जाम जाम की सूचना पर एसडीएम सदर राजेश विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से बातचीत कर जलभराव की स्थिति की जानकारी ली। एसडीएम ने समस्या का जल्द समाधान कराने का भरोसा दिया। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया। प्रशासन की ओर से जल निकासी और नहर की पटरी से पानी आने की समस्या का समाधान कराने की बात कही गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)