मऊ में सरयू नदी खतरा बिंदु से 30 सेमी ऊपर:तटवर्ती गांवों में घुसा बाढ़ का पानी, सड़कें और फसलें डूबीं; 3 नगर वार्ड भी जलमग्न

Oct 03, 2026 - 10:45
0
मऊ में सरयू नदी खतरा बिंदु से 30 सेमी ऊपर:तटवर्ती गांवों में घुसा बाढ़ का पानी, सड़कें और फसलें डूबीं; 3 नगर वार्ड भी जलमग्न
सरयू नदी का जलस्तर बीते 24 घंटे में 25 सेंटीमीटर घटा है, लेकिन बाढ़ का असर अभी भी कम नहीं हुआ है। नदी खतरा बिंदु 69.90 मीटर से करीब 30 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। दोहरीघाट क्षेत्र के पतनई, गौरीडीह, बहादुरपुर समेत दर्जनों गांवों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है। सड़कों पर पानी बहने के साथ गांवों की सिवान में खड़ी फसलें भी जलमग्न हैं। दोहरीघाट नगर पंचायत के तीन वार्डों में भी पानी घुस गया है। गौरीशंकर घाट पर शुक्रवार को सरयू का जलस्तर 70.45 मीटर पर स्थिर था। शनिवार को इसमें 25 सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई और जलस्तर 70.20 मीटर पर पहुंच गया। हालांकि पानी घटने के बावजूद नदी का फैलाव काफी बढ़ा हुआ है। सरयू पहले की अपेक्षा अधिक चौड़ी दिखाई दे रही है और किनारे के क्षेत्रों में पानी का फैलाव बढ़ गया है। देखें बाढ़ से जुड़ी 5 तस्वीरें…. पतनई गांव में घुटनों तक पानी बाढ़ की सबसे विकराल स्थिति पतनई गांव में बनी हुई है। गांव चारों ओर से बाढ़ के पानी से घिर गया है और सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया है। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। गौरीडीह, बहादुरपुर और अन्य तटवर्ती गांवों में भी पानी आबादी के काफी नजदीक पहुंच गया है। संपर्क मार्गों पर जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित है। दोहरीघाट नगर पंचायत के तीन वार्डों में भी बाढ़ का पानी पहुंचने से नागरिकों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण बाढ़ की स्थिति को देखते हुए विशेष सावधानी बरत रहे हैं। प्रशासन की ओर से भी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। धान समेत कई फसलें पानी में डूबीं बाढ़ से किसानों को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ रहा है। दोहरीघाट क्षेत्र में नदी किनारे खेतों में खड़ी धान की फसल काफी हद तक पानी में डूबी हुई है। इसके अलावा निचले इलाकों में मक्का, गन्ना, केला और सब्जियों की फसलें भी जलमग्न हो गई हैं। हजारों एकड़ फसल प्रभावित होने का अनुमान है। खेतों में पानी भरा होने से फसलों के सड़ने की चिंता बनी हुई है। वहीं पशुओं के चारे की समस्या भी ग्रामीणों के सामने खड़ी हो गई है। जलस्तर घटने के बावजूद बाढ़ से जुड़ी परेशानियां कम नहीं हुई हैं और तटवर्ती इलाकों के लोग अभी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User