मऊ में स्टंटबाजी करने वाले 18 युवक गिरफ्तार:तेज रफ्तार और स्कूल-कॉलेजों के बाहर बेवजह घूमने वालों पर पुलिस का एक्शन

Oct 06, 2026 - 17:56
0
मऊ में स्टंटबाजी करने वाले 18 युवक गिरफ्तार:तेज रफ्तार और स्कूल-कॉलेजों के बाहर बेवजह घूमने वालों पर पुलिस का एक्शन
मऊ जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। दक्षिणटोला थाना पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने व्यापक चेकिंग अभियान चलाकर 18 युवकों को पकड़ा। इस दौरान यातायात नियमों का पालन नहीं करने, तेज गति से वाहन चलाने, स्टंटबाजी करने और स्कूल-कॉलेजों के बाहर बेवजह घूमने वालों की जांच की गई। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान पकड़े गए 18 व्यक्तियों के वाहनों का नियमानुसार चालान किया गया। वहीं संबंधित युवकों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई भी की गई। पुलिस ने उन्हें भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। पुलिस ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें। इसके साथ ही गलत स्थानों पर वाहन पार्क न करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई। त्योहारों को लेकर पुलिस का अभियान पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देश पर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और आगामी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह के निर्देशन में दक्षिणटोला पुलिस व मिशन शक्ति टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी, तेज रफ्तार वाहन चलाने और स्कूल-कॉलेजों के आसपास बेवजह घूमने वालों के खिलाफ आगे भी चेकिंग और कार्रवाई जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User