मऊ में वॉलीबॉल विवाद में युवक पर फायरिंग का आरोप:एसपी से लगाई न्याय की गुहार, पुलिस ने दोनों पक्षों का किया चालान; अब तक FIR दर्ज नहीं
मऊ के मधुबन थाना क्षेत्र के परसूपुर गांव में वॉलीबॉल खेलने के दौरान हुए विवाद में मारपीट और फायरिंग का मामला सामने आया है। गांव निवासी मित्रसेन कुमार ने पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने जान से मारने की नीयत से अवैध असलहे से फायरिंग की, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। मित्रसेन कुमार की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, घटना 4 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 4:30 बजे की है। उनका कहना है कि वह गांव में वॉलीबॉल खेल रहे थे। इसी दौरान गांव के राघवेंद्र सिंह, आर्यन सिंह और अनुराग उर्फ भोलू सिंह ने कथित तौर पर उन्हें गाली देना शुरू कर दिया और लात-घूंसों से मारपीट की। किसी तरह वहां से छूटकर वह घर की ओर भागने लगे, लेकिन आरोप है कि रास्ते में उन्हें घेर लिया गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, दूसरे पक्ष के दरवाजे पर धन्नजय सिंह और प्रद्युम्न सिंह भी मौजूद थे। आरोप है कि वहां गाली-गलौज के बीच प्रद्युम्न सिंह ने अवैध असलहे से उन पर फायरिंग कर दी। मित्रसेन का दावा है कि वह गोली से बच गए और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। डायल 112 पर दी सूचना प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि घटना के बाद मित्रसेन ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्हें पूरी रात थाने में रोके रखा गया और 5 अक्टूबर को करीब 11:45 बजे एसडीएम मधुबन के समक्ष भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126/135 के तहत चालान किया गया। मित्रसेन का कहना है कि जमानत पर छूटने के बाद उन्होंने घटना के संबंध में थाने में शिकायत दी, लेकिन अब तक आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं पूरे मामले पर एसपी ने जांच के आदेश दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)