श्रावस्ती पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान शुरू किया:महिलाओं की सुरक्षा से लेकर साइबर अपराध तक, हर मोर्चे पर करेगी जागरूक
श्रावस्ती में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा का भरोसा देने, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए श्रावस्ती पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान की शुरुआत की है। सोमवार को सुबह 11:00 से 12:00 के बीच पुलिस लाइन भिनगा से एसपी ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता पैदल मार्च को रवाना किया। इसमें महिला पुलिसकर्मियों, विभिन्न विभागों की महिला कर्मचारियों और छात्राओं ने हिस्सा लेकर नारी सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण का संदेश दिया। अभियान के तहत अब जिले के सभी थाना क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाए जाएंगे। पुलिस की मिशन शक्ति टीमें विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, महिला कल्याणकारी योजनाओं, आत्मरक्षा के उपायों और साइबर अपराध से बचाव के बारे में जानकारी देंगी। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को न केवल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है, बल्कि जरूरत पड़ने पर बिना किसी झिझक के अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए भी प्रेरित करना है। पर्यवेक्षण में अभियान संचालित किया जा रहा महिलाओं और बालिकाओं को आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी जाएगी। पुलिस उन्हें बताएगी कि उत्पीड़न, छेड़छाड़, ऑनलाइन धोखाधड़ी या किसी अन्य परेशानी की स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन का उपयोग कैसे किया जा सकता है। अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह और सभी क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में अभियान संचालित किया जा रहा है।सभी थाना प्रभारियों और मिशन शक्ति टीमों को महिलाओं एवं बालिकाओं की शिकायतें संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ सुनने तथा मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षण संस्थानों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता गतिविधियों को भी प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया है। श्रावस्ती पुलिस ने आमजन से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने में सहयोग की अपील की है।पुलिस का कहना है कि महिला उत्पीड़न या किसी आपराधिक घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण बनाया जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)