मरीज की मौत के बाद अस्पताल में बवाल:इलाज में लापरवाही का आरोप, पथराव में दरोगा समेत 7 लोग घायल
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल मरीज की उपचार के दौरान मौत के बाद रविवार देर रात जमकर बवाल हो गया। मरीज की मौत से गुस्साए परिजन शव लेकर रुद्र अस्पताल पहुंच गए और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और पथराव शुरू हो गया। पथराव में परिजनों की रिश्तेदारी में शामिल दरोगा बलवान सिंह समेत करीब पांच लोग घायल हो गए। वहीं अस्पताल पक्ष के दो लोगों के भी सिर में चोट आई है। बवाल की सूचना पर पहुंची कल्याणपुर पुलिस ने स्थिति संभाली और सभी घायलों को बारासिरोही सीएचसी भेजकर मेडिकल कराया। तीन दिन तक इलाज नहीं करने का आरोप कानपुर देहात के शिवली थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव निवासी अमित यादव किसान हैं। उनका बेटा प्रांशु भी खेती-किसानी में पिता का हाथ बंटाता था। परिजनों के मुताबिक, बीते मंगलवार को प्रांशु किसी काम से शिवली गया था। इसी दौरान दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में प्रांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए कल्याणपुर स्थित रुद्र अस्पताल लेकर पहुंचे। पिता अमित यादव का आरोप है कि अस्पताल संचालक विपिन और नवनीत ने मरीज को जल्द ठीक करने का भरोसा देकर भर्ती कर लिया। इलाज के नाम पर उनसे पहले 20 हजार रुपये जमा करा लिए गए। आरोप है कि भर्ती करने के बाद करीब तीन दिन तक मरीज का समुचित उपचार नहीं किया गया। हालत बिगड़ी तो दूसरे अस्पताल भेजा, वहां मृत घोषित परिजनों के मुताबिक रविवार देर शाम अचानक प्रांशु की हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद अस्पताल संचालकों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए दूसरे अस्पताल ले जाने की बात कही। परिजन आनन-फानन उसे लेकर दूसरे अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रांशु को मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजन शव लेकर वापस रुद्र अस्पताल पहुंच गए। यहां उन्होंने अस्पताल संचालक और स्टाफ पर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। शव अस्पताल लेकर पहुंचे तो शुरू हुआ पथराव परिजनों के हंगामे के दौरान दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया। आरोप है कि अस्पताल संचालक और उनके साथ मौजूद लोगों की ओर से भी पथराव किया गया। कुछ ही देर में अस्पताल परिसर और आसपास अफरा-तफरी मच गई। पथराव में परिजनों की ओर से रिश्तेदारी में शामिल दरोगा बलवान सिंह समेत करीब पांच लोगों के सिर में चोट आई। वहीं अस्पताल पक्ष के दो लोग भी घायल हो गए। पथराव में कई लोगों के सिर फट गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। भारी फोर्स पहुंचा, घायलों को सीएचसी भेजा बवाल की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाने का भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। पथराव में घायल सभी लोगों को बारासिरोही सीएचसी भेजकर मेडिकल कराया गया। देर रात तक परिजन अस्पताल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करते रहे। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर उन्हें शांत कराया। चार साल पहले हुई थी शादी परिजनों के मुताबिक प्रांशु की करीब चार साल पहले शिवली निवासी निधि से शादी हुई थी। दंपती की तीन साल की बेटी है। हादसे के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस बोली- तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)