मथुरा में कांशीराम कॉलोनीवासियों को उजाड़ने का आरोप:भाकपा माले ने डीएम से लगाई गुहार, भू-माफिया पर भी आरोप
मथुरा में वृंदावन की कांशीराम कॉलोनी के निवासियों को उजाड़े जाने के कथित प्रयास के विरोध में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माले) लिबरेशन की जिला कमेटी ने बुधवार को दोपहर करीब 1 बजे जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने कॉलोनीवासियों की समस्याओं का समाधान कराने और उन्हें बेघर किए जाने की कार्रवाई रोकने की मांग की। ज्ञापन में पार्टी पदाधिकारी गिरधारी लाल ने कहा कि काशीराम कॉलोनी में बड़ी संख्या में गरीब परिवार रहते हैं। आरोप लगाया कि नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा इन परिवारों को कॉलोनी से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे कॉलोनीवासियों में असुरक्षा और चिंता का माहौल है। पार्टी ने आरोप लगाया कि कुछ भू-माफिया भी जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से गरीब परिवारों को हटाने का दबाव बना रहे हैं। पार्टी ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर कॉलोनीवासियों को राहत देने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि यदि कॉलोनी के भवनों में मरम्मत की आवश्यकता है तो उन्हें तोड़ने या लोगों को हटाने के बजाय भवनों की मरम्मत कराई जाए। साथ ही बाहरी लोगों की गतिविधियों की जांच कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। कॉलोनीवासियों ने पेयजल की समस्या भी प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कॉलोनी में पर्याप्त और नियमित पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग की। पार्टी ने कहा कि गरीब परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को मौके पर जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि किसी भी परिवार को बिना उचित प्रक्रिया के विस्थापित न किया जाए और कॉलोनीवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)