मथुरा में मतदाता सूची से कटे नामों का सत्यापन:पात्रों को जोड़ने के लिए घर-घर जाएंगे बीएलओ, लगेंगे विशेष शिविर
मथुरा जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के तहत विलोपित मतदाताओं के सत्यापन और नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने बताया कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सात जनवरी 2025 की मतदाता सूची का 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची से मिलान करेंगे। इस दौरान विलोपित मतदाताओं की सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद संबंधित मतदाताओं के घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन में पात्र पाए जाने वाले ऐसे नागरिकों के फार्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने की पात्रता रखने वाले युवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बीएलओ की ओर से तैयार विलोपित मतदाताओं की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही सूची निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को भी सौंपी जाएगी, जो इसे राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा करेंगे। विशेष शिविर लगाकर किया जाएगा जागरूक जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए बूथ स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। रात्रि आश्रय स्थलों, श्रमिक बस्तियों और अन्य आश्रय स्थलों में रहने वाले लोगों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों, जनसंपर्क कार्यक्रमों, स्वीप गतिविधियों और प्रेस ब्रीफिंग के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। बैठक में समाजवादी पार्टी के वीरेंद्र यादव, भाजपा के आकाश चौधरी, बसपा के मोहित कुमार, कांग्रेस के बलवीर सिंह प्रधान और अशोक कुमार श्रीवास्तव तथा माकपा के टीकेंद्र सिंह मौजूद रहे। डिप्टी कलेक्टर सुशील कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी प्रशान्त कुमार सुचारी सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)