SRN में TLIF स्पाइन की सफल सर्जरी:आयुष्मान भारत के तहत हुआ ऑपरेशन, डिस्क निकाल केज स्क्रू रॉड से रीढ़ को स्थिर किया

Oct 09, 2026 - 20:12
0
SRN में TLIF स्पाइन की सफल सर्जरी:आयुष्मान भारत के तहत हुआ ऑपरेशन, डिस्क निकाल केज स्क्रू रॉड से रीढ़ को स्थिर किया
प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के तहत 52 वर्षीय मरीज की सफल ट्रांसफोरामिनल लम्बर इंटरबॉडी फ्यूजन (टीएलआईएफ) स्पाइन सर्जरी की गई। पांच माह से दर्द और चलने में कठिनाई झेल रहे मरीज को ऑपरेशन के बाद राहत मिली और दूसरे दिन ही वह सीधे होकर चलने लगे। पांच माह से था दर्द चित्रकूट निवासी मन्नू लाल पिछले लगभग पांच माह से कमर दर्द और चलने में कठिनाई से परेशान थे। चलते समय उनका ऊपरी धड़ दाईं ओर झुक जाता था, जिससे रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे थे। आवश्यक जांच और चिकित्सकीय मूल्यांकन के बाद स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल की अस्थिरोग विभाग की टीम ने टीएलआईएफ सर्जरी की। ऑपरेशन के बाद मरीज के चलने की मुद्रा में सुधार देखा गया। टीएलआईएफ कैसे करती है काम टीएलआईएफ (ट्रांसफोरामिनल लम्बर इंटरबॉडी फ्यूजन) कमर की रीढ़ की सर्जरी है। इसमें प्रभावित डिस्क का हिस्सा निकालकर नसों पर पड़ रहा दबाव कम किया जाता है। इसके बाद दो कशेरुकाओं के बीच विशेष केज, बोन ग्राफ्ट तथा स्क्रू और रॉड की मदद से रीढ़ के प्रभावित हिस्से को स्थिर किया जाता है। यह सर्जरी उन चुनिंदा मरीजों में की जाती है, जिनमें कशेरुका खिसकना, डिस्क का अत्यधिक घिसना या नसों का रास्ता संकरा होने के साथ रीढ़ को स्थिर करने की आवश्यकता होती है। डॉक्टरों ने दी जानकारी अस्थिरोग विभाग के सहायक आचार्य डॉ. आनंद कुमार ने बताया कि मरीज लंबे समय से दर्द और चलने में कठिनाई से पीड़ित थे। जांच के आधार पर टीएलआईएफ सर्जरी का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन के दूसरे दिन मरीज का सीधे होकर चलना उत्साहजनक है, लेकिन आगे नियमित फॉलोअप और चिकित्सकीय निर्देशों के अनुसार पुनर्वास जरूरी रहेगा। सर्जरी में अस्थिरोग विभाग की ओर से डॉ. आनंद कुमार, सीनियर रेजिडेंट डॉ. आशुतोष और जूनियर रेजिडेंट डॉ. मेहुल शामिल रहे। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. अनिल सिंह, डॉ. विपिन और डॉ. स्वाति ने भूमिका निभाई। ओटी इंचार्ज श्रीमती अनुपम सिंह एवं विनोद ने भी सहयोग दिया। मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. ए.के. वर्मा ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों तक जटिल उपचार की सुविधा पहुंचाना संस्थान की प्राथमिकता है। मरीज को राहत मिलना पूरी टीम के लिए संतोषजनक है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User