मथुरा में पॉक्सो अधिनियम पर नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक:बाल अधिकारों और यौन अपराधों से बचाव के लिए जिला जज के नेतृत्व में कार्यक्रम
मथुरा में बुधवार को टैंक चौराहे पर राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा पॉक्सो अधिनियम-2012 और बाल अधिकारों को लेकर जिला जज विकास कुमार के नेतृत्व में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन और बच्चों को बाल संरक्षण तथा यौन अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने नुक्कड़ नाटक देखा और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी हासिल की। नुक्कड़ नाटक के कलाकारों ने सरल एवं प्रभावी तरीके से बच्चों को उनके अधिकारों, बाल संरक्षण कानून और सुरक्षित-असुरक्षित स्पर्श के बारे में जानकारी दी। बच्चों को समझाया गया कि किसी व्यक्ति के व्यवहार या स्पर्श से असहज महसूस होने पर चुप न रहें और तत्काल अपने माता-पिता, परिजनों या किसी भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी दें। साथ ही किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने पर संबंधित हेल्पलाइन और पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान आमजन को लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम यानी पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई। बताया गया कि बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा प्रदान करने के लिए कानून में विशेष प्रावधान किए गए हैं। किसी बच्चे के साथ अपराध होने की आशंका या घटना की जानकारी मिलने पर उसकी अनदेखी न करते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देना जरूरी है। विधिक जागरूकता कार्यक्रम में बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों और कानून के प्रति जागरूकता को लेकर लोगों से सहयोग की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए परिवार, समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूकता के माध्यम से बच्चों को अपराधों से बचाने के साथ ही उन्हें किसी भी परेशानी की स्थिति में आवाज उठाने के लिए सशक्त बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मथुरा विकास कुमार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनीता सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि बच्चों से जुड़ी किसी भी घटना को छिपाने के बजाय तत्काल सूचना दें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)