मथुरा में संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू:विधायक श्रीकांत शर्मा ने दिखाई हरी झंडी, घर-घर स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचेगी
मथुरा में संचारी रोगों की रोकथाम और जनजागरूकता के लिए गुरुवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया गया। विधायक श्रीकांत शर्मा ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से घरों के आसपास साफ-सफाई रखने, जलभराव रोकने और मच्छरदानी का प्रयोग करने की अपील की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा बल्लभ ने बताया कि जनपद में एक से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान संचालित होगा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर सर्वे करेंगी और लोगों को डेंगू, मलेरिया समेत अन्य संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी। रैली में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों, प्रशिक्षु एएनएम, शहरी आशा कार्यकर्ताओं, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और नगर निगम मथुरा-वृंदावन के कर्मचारियों ने भाग लिया। रैली के समापन के बाद सभा आयोजित की गई, जिसमें सीएमओ ने कर्मचारियों को संचारी रोगों से बचाव की शपथ दिलाई और अभियान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि पानी की टंकियों और बर्तनों को ढककर रखें तथा सप्ताह में एक बार उनकी सफाई कर पानी खाली करें। घरों के आसपास टूटे बर्तनों, टायरों और फूलदानों में पानी जमा न होने दें। मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बांह के कपड़े पहनें और सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें। बुखार होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर खून की जांच कराएं और चिकित्सक की सलाह के अनुसार दवा का पूरा कोर्स लें। इस मौके पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामगोपाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी योगेंद्र, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुज चौधरी, जिला मलेरिया अधिकारी चंद्र प्रकाश मिश्र सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)