मुजफ्फरनगर में 11 अवैध तमंचे और 4 पिस्टल बरामद:तीन तस्कर गिरफ्तार, फ्रोंक्स कार और बाइक जब्त; मेरठ से लाकर करते थे सप्लाई
मुजफ्फरनगर में थाना कोतवाली नगर पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार .32 बोर पिस्टल, छह खाली मैगजीन, छह तमंचे 315 बोर और एक तमंचा 12 बोर बरामद किया है। इसके अलावा हथियारों की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति सुजुकी फ्रोंक्स कार, हीरो स्प्लेंडर बाइक, चार हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी मिले हैं। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता में बताया कि 30 सितंबर को कोतवाली नगर पुलिस गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि न्याजूपुरा-चरथावल रोड पर काली नदी पुल के पास कुछ लोग अवैध हथियारों के साथ मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। यहां एक कार में तीन लोग बैठे मिले। तलाशी लेने पर उनके पास से हथियार बरामद हुए। मेरठ से हथियार खरीदकर सप्लाई करने का दावा पुलिस के मुताबिक पूछताछ में समीर और उमंग उर्फ देवा चौहान ने बताया कि वे अवैध हथियारों की सप्लाई करते हैं। कथित तौर पर मेरठ निवासी एक व्यक्ति से हथियार खरीदकर मांग के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई किए जाते थे। वहीं नितेश सैनी ने बताया कि उसकी समीर से पहचान थी और वह उससे अवैध असलाह खरीदने के लिए आया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितेश सैनी निवासी सरधना, मेरठ, समीर निवासी मजीदपुरा, हापुड़ और उमंग उर्फ देवा चौहान निवासी मटौर, मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार समीर के खिलाफ मेरठ के कोतवाली नगर थाने में वर्ष 2026 में आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज है। वहीं उमंग के खिलाफ इंचौली थाने में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज बताया गया है। पुलिस तीनों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। मामले में कोतवाली नगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 432/2026 के तहत आयुध अधिनियम की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब हथियारों के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मुजफ्फरनगर पुलिस ने पिछले एक साल में करीब 2,100 कारतूस और 1,100 अवैध हथियार बरामद किए हैं। कार्रवाई एसपी सिटी अमृत जैन, एएसपी/सीओ नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)