मुजफ्फरनगर में सपा नेताओं में बीच सड़क पर जूतम-पैजार,VIDEO:मीनाक्षी चौक पर भिड़े छात्र नेता, नई स्कॉर्पियो में तोड़फोड़

Sep 30, 2026 - 09:51
0
मुजफ्फरनगर में सपा नेताओं में बीच सड़क पर जूतम-पैजार,VIDEO:मीनाक्षी चौक पर भिड़े छात्र नेता, नई स्कॉर्पियो में तोड़फोड़
मुजफ्फरनगर में समाजवादी पार्टी के भीतर चल रही खींचतान अब सोशल मीडिया की पोस्ट और कमेंट बाजी से निकलकर सड़क पर दिखाई देने लगी। मंगलवार देर रात करीब 11 बजे मीनाक्षी चौक पर सपा छात्र नेता नदीम मलिक और डॉ. इसरार अल्वी आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई और मारपीट हुई। मौके का वीडियो सामने आया है, जिसमें दोनों नेता आपस में भिड़ते और मौके पर मौजूद कुछ लोग उन्हें रोकते नजर आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, नदीम मलिक अपनी नई स्कार्पियो गाड़ी से मीनाक्षी चौक पहुंचे थे। वहां पहले से मौजूद इसरार अल्वी से उनका सामना हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान इसरार ने नदीम की कार में तोड़फोड़ की और शीशा तक तोड़ दिया। इसके बाद बात इतनी बढ़ी कि दोनों सड़क पर ही भिड़ गए। देखते ही देखते हंगामा सड़क से निकलकर पास की गली तक पहुंच गया। वीडियो में मारपीट के बीच नदीम मलिक को एक दुकान की तरफ खींचने की कोशिश होती दिखाई देती है। मौके पर मौजूद सपा के पूर्व जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन और अन्य लोगों ने बीच में पड़कर उन्हें छुड़ाया। दुकान संचालकों ने भी मामला बढ़ता देख हस्तक्षेप किया और सभी को दुकान से बाहर कर दिया। यानी कुछ ही देर में सपा नेताओं की आपसी लड़ाई ने मीनाक्षी चौक पर तमाशा खड़ा कर दिया। बताया जा रहा है कि इस टकराव की जमीन पहले से तैयार हो रही थी। सपा के वॉट्सऐप ग्रुप में दोनों नेताओं के बीच कमेंट बाजी हुई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर भी एक-दूसरे को जवाब दिए गए। इसी बयानबाजी को लेकर दोनों के बीच तनातनी चलने की चर्चा थी। मंगलवार रात यह तनातनी आमने-सामने की भिड़ंत में बदल गई। घटना के दौरान मौके पर सपा के कई कार्यकर्ता और नेता भी मौजूद थे। कुछ लोगों ने दोनों पक्षों को समझाने और रोकने की कोशिश की, लेकिन विवाद काफी देर तक शांत नहीं हुआ। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और सपा के भीतर चल रही गुटबाजी को लेकर चर्चाओं को और हवा मिल गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User