मुरादाबाद मेले में कीचड़ विवाद पर युवक को गोली मारी:हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर, 3 नामजद आरोपियों पर केस दर्ज

Oct 11, 2026 - 08:18
0
मुरादाबाद मेले में कीचड़ विवाद पर युवक को गोली मारी:हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर, 3 नामजद आरोपियों पर केस दर्ज
मुरादाबाद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मूंढापांडे थाना क्षेत्र में लगे एक मेले में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रास्ते में कार के पहिए से कीचड़ के छींटे उड़ने के विरोध पर कुछ युवकों ने एक बाइक सवार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद मेले में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह पूरी घटना मूंढापांडे थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खबड़िया भूड़ गांव की है, जहां इन दिनों चिश्ती मियां का मेला लगा हुआ है। गांव सक्टूनगला के रहने वाले पीड़ित परिवार के सदस्य मोहम्मद रफीक के अनुसार, उनका छोटा भाई और बेटा मोटरसाइकिल पर सवार होकर मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनके आगे चल रही एक स्कॉर्पियो कार का पहिया अचानक कीचड़ में फंस गया। कार चालक द्वारा गाड़ी निकालने के प्रयास में पहिया तेजी से स्लिप हुआ, जिससे बाइक सवार युवक पर कीचड़ के छींटे गिर गए। जब युवक ने इस बात का विरोध किया, तो कार सवार लोग आगबबूला हो गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट और खूनी संघर्ष में बदल गई। गुस्साए कार सवार युवकों ने आव देखा न ताव और अपनी पिस्टल निकालकर बाइक सवार युवक पर ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। मूंढापांडे थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User