नदी में डूबी छात्रा 4 दिन बाद भी सुराग नहीं:पुलिस और SDRF की टीम लगातार तलाश में जुटी, बेटी की याद कर रो रहा परिवार

Oct 05, 2026 - 11:07
0
नदी में डूबी छात्रा 4 दिन बाद भी सुराग नहीं:पुलिस और SDRF की टीम लगातार तलाश में जुटी, बेटी की याद कर रो रहा परिवार
श्रावस्ती के सोनवा थाना क्षेत्र के नरायनपुर गांव की 11 वर्षीय छात्रा अंशिका मिश्र के राप्ती नदी में डूबकर लापता होने के चार दिन बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार नदी में तलाश कर रही है, सोमवार सुबह 9:00 तक भी बेटी के नहीं मिलने से परिवार में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नरायनपुर गांव निवासी अंशिका लक्ष्मननगर स्थित किसान इंटर कॉलेज में कक्षा छह की छात्रा थी। बीते गुरुवार सुबह करीब नौ बजे वह अन्य छात्राओं के साथ साइकिल से स्कूल जा रही थी। नरायनपुर से स्कूल जाने वाले रास्ते में राप्ती नदी के किनारे एक स्थान पर कीचड़ होने के कारण वह साइकिल से उतरकर पैदल चलने लगी। पैर में कीचड़ लगने पर उसे धोने के लिए वह नदी के किनारे पहुंची। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह नदी में गिर गई और तेज बहाव में बह गई। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने नदी में तलाश शुरू की। गोताखोरों ने शुक्रवार देर शाम तक नदी में अभियान चलाया, लेकिन छात्रा का पता नहीं चल सका। चार दिन से लगातार तलाश के बावजूद शव बरामद न होने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। तेज बहाव से नदी में तलाश अभियान में भी टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। परिजन आशंका जता रहे हैं कि तेज बहाव के कारण अंशिका का शव दूर तक बह गया होगा। अंशिका के नदी में डूबने की सूचना के बाद घटना के दूसरे दिन भाजपा विधायक राम फेरन पांडेय भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने एनडीआरएफ/एसडीआरएफ टीम और एसडीएम को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाकर छात्रा की जल्द तलाश करने के निर्देश दिए थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक अंशिका तीन बहनों और एक भाई में थी। उसके पिता किसान हैं। हादसे के बाद से पूरा परिवार सदमे में है। परिजनों का कहना है कि जिस रास्ते से अंशिका रोजाना स्कूल जाती थी, उसी रास्ते को देखकर उसकी याद आ जाती है और आंखों से आंसू निकल पड़ते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User