नेपाल त्रासदी के लिए गुल्लक देने वाले अल्फाज का सम्मान:कुशीनगर में डीएम को दिया था गुल्लक, नेपाल सरकार ने भेजा स्मृति चिन्ह
नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के लिए गुल्लक दान करने वाले कुशीनगर के अल्फाज शेख को नेपाल सरकार ने सम्मानित किया है। सरकार ने एक स्मृति चिन्ह भेजा था, जिसे 2 अक्टूबर को जिलाधिकारी ने अल्फाज को भेंट किया। कुशीनगर के 12 साल के अल्फाज शेख ने 3 सितंबर को अपने पिता बाबू खान के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर तत्कालीन जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को अपना गुल्लक सौंपा था। अल्फाज ने नेपाल के लोगों की मदद के लिए पैसे भेजने की इच्छा जताई थी। जिला प्रशासन ने यह गुल्लक दिल्ली स्थित दूतावास के जरिए नेपाल सरकार को भेजा था। नेपाल सरकार ने अल्फाज के इस काम की सराहना करते हुए उसके लिए एक प्रशस्ति पत्र और कई स्मृति चिन्ह भेजे। गांधी जयंती पर कलेक्ट्रेट में हुए कार्यक्रम में नए जिलाधिकारी संजय चौहान ने अल्फाज को ये स्मृति चिन्ह दिए। अल्फाज ने खुशी जताई, वहीं उसके पिता बाबू खान ने नेपाल सरकार को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि उनके बेटे ने 'वसुधैव कुटुम्बकम्' की परंपरा निभाई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)